कटनी को मिली तीन नई यात्री बसों की सौगात, ग्रामीण क्षेत्रों से जिला मुख्यालय तक बढ़ेगी कनेक्टिविटी कटनी।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को भोपाल के बीएचईएल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के अंतर्गत कटनी जिले के लिए तीन सार्वजनिक यात्री बसों के संचालन का शुभारंभ किया। इस दौरान प्रदेशभर में 351 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। नई बस सेवाओं के शुरू होने से कटनी जिले के ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों के नागरिकों को जिला मुख्यालय तक सुरक्षित, सुविधाजनक और सुलभ परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। जिले में इन बसों का संचालन दीनदयाल कटनी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। इसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के अध्यक्ष कलेक्टर आशीष तिवारी तथा मुख्य संचालन अधिकारी योगेश पवार हैं। महापौर एवं निगमायुक्त इसके मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। बस सेवा को आधुनिक एवं सुरक्षित बनाने के लिए परिवहन विभाग द्वारा आवश्यक तैयारियां की गई हैं। बसों का संचालन एडवांस तकनीक से प्रशिक्षित ड्राइवरों द्वारा किया जाएगा।
तीन निर्धारित मार्गों पर चलेंगी बसें मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत जिले में तीन बसों का संचालन निर्धारित मार्गों पर किया जाएगा। इनमें पहली बस कैमोर से कटनी के बीच करीब 42 किलोमीटर लंबे मार्ग पर चलेगी। यह बस विजयराघवगढ़, देवरा और कन्हवारा होते हुए कटनी पहुंचेगी। दूसरी बस बाकल से कटनी मार्ग पर संचालित होगी। इसका निर्धारित मार्ग पटना, सलैया, रीठी, मगरधा, इमलिया और खरखरी होते हुए कटनी तक रहेगा। वहीं तीसरी बस सलैया से कटनी के बीच चलेगी। यह बस सलैया, पाली, लालपुर, रीठी, मोहास, मगरधा, इमलिया और खरखरी होते हुए जिला मुख्यालय पहुंचेगी। इन बस सेवाओं से जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों के नागरिकों को जिला मुख्यालय तक आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, मरीजों और आम नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा दैनिक आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन में सहूलियत होगी। पैनिक बटन और जीपीएस से होगी निगरानी नई बसों में यात्रियों की सुरक्षा और बस संचालन की निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। बसों में पैनिक बटन और जीपीएस की सुविधा उपलब्ध रहेगी। जीपीएस के माध्यम से बसों की लाइव लोकेशन पर नजर रखी जा सकेगी। वहीं आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा के लिए पैनिक बटन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अधिकारियों के अनुसार, इन तकनीकी सुविधाओं के माध्यम से बस संचालन की निगरानी के साथ यात्रियों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी गई है। जिले में शुरू की गई तीनों बस सेवाएं ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच परिवहन संपर्क को मजबूत करने के साथ इंटरसिटी एवं इंट्रासिटी कनेक्टिविटी को भी बढ़ावा देंगी।