“नाबालिग को ढाल बनाकर राजनीति कर रही कांग्रेस” — अमित मिश्रा का तीखा प्रहार

0

 

शहडोल। मुख्यमंत्री के 8 फरवरी के शहडोल प्रवास के दौरान काले झंडे दिखाने की घटना को लेकर प्रदेश की राजनीति तेज हो गई है। इस मामले में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान एक नाबालिग के पकड़े जाने पर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं। इसी मुद्दे पर भाजपा जिला महामंत्री अमित मिश्रा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी अब अपने राजनीतिक अस्तित्व को बचाने के लिए बच्चों को आगे कर रही है।

अमित मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस का यह रवैया बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। जिन बच्चों को पढ़ाई और अपने भविष्य की तैयारी में समय देना चाहिए, उन्हें कांग्रेस राजनीतिक प्रदर्शन में खड़ा कर उनका जीवन दांव पर लगा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास अब न तो मजबूत मुद्दे बचे हैं और न ही कार्यकर्ता, इसलिए वह मासूम बच्चों का इस्तेमाल कर सहानुभूति की राजनीति कर रही है।

उन्होंने प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग और अन्य भाजपा नेताओं के बयानों का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस को इस बात का जवाब देना चाहिए कि एक नाबालिग को ऐसे कार्यक्रम में किसने भेजा और उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। भाजपा नेताओं ने इसे कांग्रेस की गैर-जिम्मेदाराना राजनीति बताते हुए कड़ी निंदा की है।

अमित मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार कानून के अनुसार काम कर रही है और पुलिस ने भी नियमों के तहत कार्रवाई की है। कांग्रेस इस मामले को तूल देकर राजनीतिक लाभ लेना चाहती है, जबकि सच्चाई यह है कि यह पूरा प्रकरण कांग्रेस की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए। जनता ने उन्हें बार-बार नकारा है और संगठन कमजोर होता जा रहा है। ऐसे में कांग्रेस भावनात्मक माहौल बनाने के लिए बच्चों को आगे कर रही है, जो लोकतंत्र के लिए ठीक संकेत नहीं है।

अमित मिश्रा ने कहा कि भाजपा हमेशा युवाओं और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए काम करती रही है, जबकि कांग्रेस उन्हें राजनीतिक मोहरे की तरह इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से अपील की कि वह बच्चों को राजनीति से दूर रखे और उन्हें शिक्षा व विकास के रास्ते पर आगे बढ़ने दे।

उन्होंने अंत में कहा कि भाजपा किसी भी स्थिति में बच्चों के दुरुपयोग को स्वीकार नहीं करेगी और कांग्रेस को इस मुद्दे पर देश और प्रदेश की जनता के सामने जवाब देना ही होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *