स्वच्छता सर्वेक्षण में उत्कृष्ट रैंकिंग की दिशा में नगर का संकल्प, नागरिक सहभागिता बनेगी सफलता की कुंजी
स्वच्छता सर्वेक्षण में उत्कृष्ट रैंकिंग की दिशा में नगर का संकल्प, नागरिक सहभागिता बनेगी सफलता की कुंजी
कटनी।। आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए नगर पूरी तैयारी और नए उत्साह के साथ आगे बढ़ रहा है। नगर निगमायुक्त तपस्या परिहार ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता में उत्कृष्टता केवल प्रशासनिक प्रयासों से नहीं, बल्कि नगरवासियों की जागरूकता, सकारात्मक सहयोग और सफाई मित्रों की निरंतर मेहनत से ही हासिल होगी।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में निगमायुक्त ने सर्वेक्षण से जुड़े हर मानक पर गहन चर्चा करते हुए विभागीय समन्वय, समयबद्ध कार्यवाही और प्रभावी निगरानी पर विशेष जोर दिया। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की नियमितता, स्रोत पर कचरे का पृथक्करण, सार्वजनिक स्थलों की सतत सफाई, सी एंड डी वेस्ट का बेहतर प्रबंधन, सार्वजनिक शौचालयों की स्वच्छता तथा आवारा मवेशियों के नियंत्रण जैसे बिंदुओं पर ठोस निर्देश दिए गए।
निगमायुक्त ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण का काउंटडाउन शुरू हो चुका है, इसलिए जमीनी स्तर पर जवाबदेही तय करते हुए बाजार क्षेत्रों व प्रमुख मार्गों की सफाई के लिए रूट निर्धारित किए जाएं। एम.एस.डब्ल्यू. व्यवस्था को सुदृढ़ करने, कचरा वाहनों की संख्या बढ़ाने और वार्ड स्तर पर निगरानी हेतु अधिकारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि नागरिक सीधे कचरा वाहन में ही कचरा दें और शहर की स्वच्छ छवि मजबूत हो।
बैठक में स्वच्छता सर्वेक्षण के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और वालंटियर्स की सहभागिता से जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक और मनोरंजक गतिविधियां आयोजित करने पर सहमति बनी। अंत में निगमायुक्त ने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से कटनी नगर स्वच्छता के शिखर पर पहुंचेगा और पूरे प्रदेश में एक प्रेरक उदाहरण बनेगा।