17 दिन, 9000 किमी की दौड़ और 50 बस स्टैंड की पड़ताल…1500 CCTV फुटेज की जांच.…आखिर पकड़ में आए भगवान वेंकटेश मंदिर के चोर राजस्थान पुलिस की सूझबूझ और कटनी पुलिस के सहयोग से 20 किलो चांदी के जेवर बरामद, कटनी के दो आरोपी गिरफ्तार

0

17 दिन, 9000 किमी की दौड़ और 50 बस स्टैंड की पड़ताल…1500 CCTV फुटेज की जांच.…आखिर पकड़ में आए भगवान वेंकटेश मंदिर के चोर
राजस्थान पुलिस की सूझबूझ और कटनी पुलिस के सहयोग से 20 किलो चांदी के जेवर बरामद, कटनी के दो आरोपी गिरफ्तार
कटनी।। राजस्थान के नागौर जिले के मुंडवा थाना क्षेत्र स्थित अति प्राचीन भगवान वेंकटेश मंदिर में हुई करीब 20 किलो चांदी के आभूषणों की सनसनीखेज चोरी का खुलासा राजस्थान पुलिस ने महज 17 दिनों में कर दिया। इस बड़े मामले को सुलझाने के लिए पुलिस टीम ने करीब 9000 किलोमीटर की लंबी दूरी तय की, 50 बस स्टैंड, 15 रेलवे स्टेशन और 3 एयरपोर्टों की छानबीन की, वहीं लगभग 1500 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार 16 फरवरी की रात अज्ञात चोरों ने नागौर जिले के मुंडवा थाना क्षेत्र में स्थित भगवान वेंकटेश मंदिर के पीछे के दरवाजे से प्रवेश कर भगवान को पहनाए गए लगभग 20 किलो चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। घटना के बाद मंदिर की देखरेख करने वाले फरियादी जगदीश शर्मा ने मुंडवा थाने में इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी की इस घटना में शामिल एक आरोपी दिसंबर 2025 तक मंदिर में पुजारी के रूप में कार्य कर चुका था। किसी विवाद के बाद वह मंदिर छोड़कर कटनी आ गया था। इसके बाद उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर मंदिर में चोरी की पूरी साजिश रची और ट्रेन के माध्यम से नागौर पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंडवा थाना प्रभारी सुरेश के नेतृत्व में 9 सदस्यीय विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ व्यापक स्तर पर जांच शुरू की। जांच के दौरान करीब 1500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। साथ ही बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्टों पर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई।
आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए वारदात के दौरान अपने मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ दिए थे, ताकि उनकी लोकेशन ट्रेस न हो सके। लेकिन पुलिस ने अपनी तकनीकी सूझबूझ और लगातार निगरानी के आधार पर उनकी गतिविधियों को ट्रैक कर लिया और आखिरकार आरोपियों तक पहुंच गई।
पुलिस की जांच राजस्थान से कटनी, फिर जगन्नाथ पुरी और अन्य राज्यों तक पहुंची। फरारी के दौरान आरोपी मुंबई, पुणे और उड़ीसा सहित कई स्थानों पर छिपते रहे, लेकिन पुलिस की नजर लगातार उन पर बनी रही।
आखिरकार मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस कटनी पहुंची और दोनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में हर्ष कुमार द्विवेदी (40 वर्ष) पिता शारदा प्रसाद द्विवेदी निवासी जलपा वार्ड तथा राहुल रजक निवासी पाठक गली शामिल हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी हर्ष कुमार द्विवेदी के खिलाफ पहले से ही कटनी के कोतवाली थाना में मारपीट का एक प्रकरण दर्ज है।


पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने करीब 200 ग्राम चांदी के जेवर बेच दिए थे। इसके बाद राजस्थान पुलिस आरोपियों को लेकर कटनी पहुंची और उनकी निशानदेही पर चोरी के लगभग सभी चांदी के जेवर बरामद कर लिए। इस कार्रवाई में कटनी की कोतवाली पुलिस ने भी राजस्थान पुलिस को महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया, जिसके चलते आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के सामान की बरामदगी संभव हो सकी।

पुलिस की कार्रवाई 17 दिनों तक लगातार जांच,लगभग 9000 किलोमीटर की यात्रा,1500 CCTV फुटेज की जांच,50 बस स्टैंड की छानबीन,15 रेलवे स्टेशन पर पड़ताल,3 एयरपोर्ट से जानकारी जुटाई,3 पुलिस वाहन और 9 सदस्यीय टीम ने चलाया ऑपरेशन लगातार 17 दिनों की अथक मेहनत, तकनीकी जांच और रणनीतिक कार्रवाई के बाद राजस्थान पुलिस ने भगवान वेंकटेश मंदिर में हुई इस बड़ी चोरी का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस की इस कार्यशैली को बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिसमें कटनी पुलिस के सहयोग ने भी अहम भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed