जिपं में निर्विरोध खिला कमल, कांग्रेस रही उदासीन
आतिशबाजी के साथ निकाला जुलूस
शहडोल। जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए श्रीमती प्रभा मिश्रा निर्विरोध विजयी घोषित की गईं हैं। 14 सदस्यों वाली जिला पंचायत में इन्हे 13 सदस्यों का समर्थन प्राप्त रहा। माना जाता रहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिये जमकर कशमकश होगी और कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी। लेकिन भाजपा पदाधिकारियों के समन्वय और तालमेल बनाने के बेहतरीन प्रयासों ने यह स्थिति निर्मित की। दूसरी ओर एक प्रत्याशी अंजू रैदास विरोध में थी, लेकिन उन्हे कहीं से कोई समर्थन प्राप्त नहीं हुआ। हालत यह थी कि उन्हे समर्थक और प्रस्तावक भी नहीं मिले। सूत्रों का कहना है कि अगर इन्हे कांग्रेस के पदाधिकारियों द्वारा समर्थन दिलाने का प्रयास किया जाता तो स्थिति निश्चित रूप से कुछ और ही होती।कांग्रेस की उदासीनता
लेकिन पूरे चुनाव के दौरान कांग्रेस लगभग उदासीन ही रही है। जिसका लाभ भाजपा ने जमकर उठाया। निर्दलीय प्रत्याशी निर्णायक संख्या में रहे इन्हे अपनी ओर करने भाजपा ने एड़ी चोटी एक कर दी है। इन प्रयासों में पार्टी जिला अध्यक्ष कमल प्रताप सिंह, नेता राजकुमार सरावगी तथा विजय शुक्ला ने महती भूमिका अदा की और नतीजा यह रहा कि अध्यक्ष निर्विरोध विजयी हुईं। जबकि दूसरी ओर फूलवती सिंह उपाध्यक्ष घोषित की गईं। इस दौरान जहां भाजपा के प्रयासों की सराहना की जाती रही है वहीं लोगों ने कांग्रेस की जमकर छीछालेदर की। ज्ञातव्य है कि जिला पंचायत में वार्ड क्रमांक-एक से प्रभा मिश्रा ने भाजपा की ओर से चुनाव लड़ा और अच्छे बहुमत से जीत दर्ज करने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव भी निर्विरोध जीत लिया है।
दिया प्रमाणपत्र
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती वंदना वैद्य ने शुक्रवार को निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रभा मिश्रा एवं उपाध्यक्ष श्रीमती फूलवती सिंह को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। इस दौरान अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अर्पित वर्मा, संयुक्त कलेक्टर दिलीप कुमार पांडेय, रिटर्निंग ऑफिसर सोहागपुर श्रीमती प्रगति वर्मा, निर्वाचन कार्यालय के कंप्यूटर प्रभारी संजय खरे एवं निर्वाचन से जुड़े हुए अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे।
निकला जुलूस
प्रभा मिश्रा को अध्यक्ष पद का प्रमाण पत्र मिलते ही भाजपा के लोगों और उनके समर्थकों में खुशी की लहर व्याप्त हो गई। शहर में उनकी जीत का जुलूस निकाल कर उल्लास व्यक्त किया गया। बाजे-गाजे के साथ निकले इस जुलूस में लोगों ने जमकर गुलाल खेला और आतिशबाजी की। कलेक्ट्रेट कार्यालय में दिन भर झण्डे, बैनरों से युक्त वाहनों की भीड़ रही। सड़कों पर नारेबाजी की गई और लोगों का ध्यान विजय जुलूस की ओर आकृष्ट किया गया।
क्षेत्र में जश्न का माहौल
जिला पंचायत सदस्य प्रभा मिश्रा को सर्व सम्मत से निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष चुुना गया। निर्वाचन प्रक्रिया जिला पंचायत के सभागार में सम्पन्न हुई। जिला पंचायत के वार्ड क्रमांक-01 से निर्वाचित प्रभा मिश्रा जिले के कद्दावर भाजपा नेता विम्मू विमलेश मिश्रा की भाभी है। जिससे उनका पक्ष शुरू से ही मजबूत माना जा रहा था। जिला पंचायत के अध्यक्ष पद पर प्रभा मिश्रा के निर्विरोध आसीन होने की खबर से ब्यौहारी क्षेत्र के लोगों में खुशी दिखी। स्थानीय लोग एक दूसरे को मिठाई खिला व पटाखे फोड़कर अपनी खुशी का इजहार किया। शहडोल से मानपुर, ब्यौहारी, सपटा, निपनिया तक लोगों में खुशी की लहर दिखी। प्रभा मिश्रा जहां पूरी वजनदारी के साथ अध्यक्ष पद पर आसीन हुई, वही विपक्षी खेमा पूरी तरह लापता रहा। प्रभा मिश्रा के विजय जुलूस में क्षेत्र के हजारों लोग शामिल हुए। इस जीत का श्रेय भाजपा नेता विमलेश मिश्रा विम्मू की कुशल रणनीति और राजनैतिक समीकरण को माना जा रहा है।