दहेज की भूख ने उजाड़ा परिवार,ससुरालियों ने बनाई नर्क की जिंदगी

0
ब्यौहारी पुलिस सख्त: दहेज लोभियों की अब खैर नहीं 
जमानत से लेकर हाईकोर्ट तक असफल, अब होगी गिरफ्तारी ?
शहडोल। दहेज की कुप्रथा का ताज़ा और शर्मनाक मामला जिले में सामने आया है। फरियादिया सांची सोनी पति राहुल सोनी उम्र 26 वर्ष निवासी सोहागपुर, हाल मायका ब्यौहारी ने अपने पति राहुल सोनी, सास क्षमता सोनी, ससुर राजकुमार सोनी, देवर रोहित सोनी एवं ननद जया सोनी पर दहेज की मांग, लगातार शारीरिक एवं मानसिक प्रताडऩा, मारपीट, भ्रूण हत्या और जान से मारने की धमकी का गंभीर आरोप लगाया है।
फरियादिया के आवेदन में दर्ज तथ्यों के अनुसार शादी के समय 3,51,000 नकद, 15 तोला सोना, 3 किलो चांदी और गृहस्थी का पूरा सामान देने के बाद भी ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ और लगातार एक कार और नगद पाँच लाख रुपये की मांग करते रहे। मांग पूरी न होने पर फरियादिया को न केवल गालियां दी गईं, बल्कि कई बार बेरहमी से पीटा गया। पति राहुल सोनी पर आरोप है कि उसने कई बार लोहे की पाइप से वार किया, जिसके कारण पीडि़ता का ऑपरेशन तक हुआ। इतना ही नहीं, जबरन तीन बार गर्भपात भी कराया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। शुरूआत में भ्रूण हत्या की धाराएं नहीं लगाई गई थीं, लेकिन विवेचक वीरेन्द्र तिवारी ने चर्चा के दौरान बताया कि अब धाराएं बढ़ा दी गई हैं और जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी संभव है।
गौरतलब है कि आरोपी पक्ष ने गिरफ्तारी से बचने के लिए  उच्च न्यायालय तक अग्रिम जमानत के लिए शरण ली, मगर कहीं से भी उन्हें राहत नहीं मिली। अब उनके जेल जाने की पूरी संभावना है। दहेज जैसी अमानवीय प्रथा ने न जाने कितनी बेटियों के घर उजाड़ दिए हैं। यह प्रकरण एक बार फिर समाज के सामने आईना है कि लोभ और लालच किस तरह रिश्तों का गला घोंट देते हैं। अब देखना है कि कानून के शिकंजे में फंस चुके इन आरोपियों पर पुलिस कितनी तेजी से शिकंजा कसती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed