शहडोल नगर की सड़कों पर रेस्टोरेशन कार्य शीघ्र पूर्ण कराएं – कमिश्नर

0

शहडोल। कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता ने शुक्रवार को एमपीयूडीसी एवं मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के अधिकारियों की बैठक लेकर नगर की सड़कों पर चल रहे निर्माण और रेस्टोरेशन कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन सड़कों पर सिवरेज का कार्य पूर्ण हो चुका है, उनकी एनओसी शीघ्र मुख्य नगर पालिका अधिकारी शहडोल को उपलब्ध कराई जाए, ताकि आगे की प्रक्रिया में विलंब न हो।

कमिश्नर ने कहा कि शहडोल नगर की जिन सड़कों पर एमपीयूडीसी द्वारा रेस्टोरेशन का कार्य किया जा रहा है, उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करना अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक के दौरान कमिश्नर ने मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के मुख्य अभियंता को भी निर्देश दिए कि विद्युत पोल शिफ्टिंग का कार्य शीघ्रता से पूरा किया जाए। साथ ही कार्यपालन यंत्री एमपीईबी को नगर पालिका से प्राप्त प्रस्तावों पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी के साथ संयुक्त भ्रमण कर प्राथमिकता से कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि बरसात के बाद नगरवासियों को सुगम यातायात और सुरक्षित सड़कों की सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में विभागीय समन्वय और तेज गति से काम करना जरूरी है। कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अधूरे कार्यों को समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए, ताकि शहरवासियों को लंबे समय तक राहत मिल सके।

इस दौरान अधिकारियों ने बैठक में चल रहे कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed