वार्ड 19 में शौचालय निर्माण का भूमि पूजन, पार्षद सिल्लू रजक बोले – स्वच्छता और सुविधा हमारी प्राथमिकता
सुधीर यादव (9407070722)
शहडोल। नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 19 में स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। सरदार पटेल स्कूल प्रांगण में शौचालय निर्माण कार्य का भूमि पूजन वार्ड पार्षद सिल्लू रजक द्वारा विधिवत रूप से संपन्न किया गया। यह निर्माण कार्य स्वीकृत प्राक्कलन राशि 5.21 लाख रुपये (जि.एस.टी. अतिरिक्त) से प्रस्तावित किया गया है। नगर पालिका अधिनियम 1961 के तहत सभी तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाएँ पूर्ण करने के बाद ही कार्य को अनुमोदन दिया गया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ जय श्री राम के उद्घोष के साथ किया गया। भूमि पूजन के दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, स्कूली प्रबंधन, वार्डवासियों एवं नगर पालिका के प्रतिनिधियों की उपस्थित विशेष रूप से रही। पार्षद सिल्लू रजक ने बताया कि नए शौचालय परिसर से स्कूल के विद्यार्थियों सहित आसपास के सैकड़ों नागरिकों को स्वच्छता की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना स्वच्छ भारत मिशन की भावना को सुदृढ़ करेगी और वार्ड की दीर्घकालिक जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित की गई है।
पार्षद रजक ने निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने का आश्वासन देते हुए कहा कि वार्ड के विकास की गति थमने नहीं दी जाएगी। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन, इंजीनियरिंग टीम और संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा नागरिकों से सहयोग की अपील की।
नगर पालिका प्रशासन के अनुसार निर्माण पूर्ण होने के बाद शौचालय परिसर एक स्थायी सार्वजनिक संपत्ति के रूप में वार्डवासियों को समर्पित किया जाएगा। इससे क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी और स्कूल परिसर में विद्यार्थियों को भी स्वास्थ्यकर वातावरण प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे वार्ड 19 के लिए उपयोगी और दूरदर्शी कदम बताया। पार्षद सिल्लू रजक ने कहा कि आने वाले समय में वार्ड के अन्य विकास कार्यों को भी प्राथमिकता देकर आगे बढ़ाया जाएगा।