खंड स्तरीय सांसद खेल प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

0

विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में लिया हिस्सा

(अरविन्द द्विवेदी)
अनूपपुर। 2 दिसंबर 2025 को सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से जमुना-कोतमा क्षेत्र के जमुना कॉलोनी फुटबॉल ग्राउंड पर भव्य खंड स्तरीय सांसद खेल प्रतियोगिता का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस खेल प्रतियोगिता में क्षेत्र के अनेक युवा प्रतिभागी शामिल हुए, जिनमें फुटबॉल के मैदान पर जोश और उमंग साफ देखने को मिली।इस अवसर पर क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाडिय़ों को उत्साहवर्धन करते हुए खेल की भावना को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम की शुरुआत सांसद हिमाद्री सिंह के खेल प्रतियोगिता के महत्व पर बोले संदेश से हुई, जिसमें उन्होंने युवाओं को खेलों के साथ-साथ पढ़ाई में भी संतुलन बनाने की प्रेरणा दी।
युवा पीढ़ी को आगे बढ़ाने का माध्यम है खेल
भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय द्विवेदी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवा पीढ़ी को आगे बढ़ाने का माध्यम हैं और खेलों के प्रति उनका मनोबल बढ़ाते हैं। उन्होंने सांसद हिमाद्री सिंह की इस पहल की जमकर सराहना की, जो खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के माध्यम से युवाओं को ऊर्जा और टीम भावना से भरने का कार्य कर रही हैं। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह ने खिलाडिय़ों को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया अभियान के तहत देश में युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस दिशा में सांसद हिमाद्री सिंह का यह आयोजन एक प्रेरणादायक कदम है, जो युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करता है और उन्हें स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करता है।
खेल प्रतियोगिता युवाओं के लिए बनी प्रेरणा
नगर पालिका पसान के उपाध्यक्ष अजय यादव ने इस आयोजन की सफलता पर खुशी जताई और कहा कि क्षेत्र में इस तरह के आयोजन नियमित रूप से होने चाहिए ताकि युवा अपने हुनर का प्रदर्शन कर सकें। इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मिलकर एक सकारात्मक संदेश देने में सफल रहे कि खेलों के माध्यम से ही स्वस्थ समाज और प्रगतिशील राष्ट्र की नींव मजबूत होती है। इस प्रकार सांसद हिमाद्री सिंह के नेतृत्व में आयोजित यह खेल प्रतियोगिता शहडोल संसदीय क्षेत्र में युवाओं के लिए एक नई प्रेरणा की आशा लेकर आई है।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा मंडल पसान अध्यक्ष अजय द्विवेदी, जनपद अध्यक्ष श्रीमती धनमती सिंह, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता सुखविंदर सिंह, नगर पालिका पसान उपाध्यक्ष अजय यादव, वार्ड नंबर 5 की पार्षद श्रीमती सरोज लोधी, जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड अधिकारी के के वर्मा, जमुना कॉलरी हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य अवध राज सिंह सोलंकी तथा विद्यालय के शिक्षक खेल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed