ढीमरखेड़ा की ग्राम पंचायत भमका में वाटरशेड महोत्सव का भव्य आयोजन,जल यात्रा के माध्यम से दिया गया जल संरक्षण एवं जल संवर्धन का संदेश
ढीमरखेड़ा की ग्राम पंचायत भमका में वाटरशेड महोत्सव का भव्य आयोजन,जल यात्रा के माध्यम से दिया गया जल संरक्षण एवं जल संवर्धन का संदेश
कटनी।। जल है तो कल है, जल ही जीवन है के संदेश को आत्मसात करते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के मार्गदर्शन में ढीमरखेड़ा विकासखंड की ग्राम पंचायत भमका में वाटरशेड महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जल संरक्षण एवं जल संवर्धन को लेकर जागरूकता फैलाने हेतु भव्य जल यात्रा निकाली गई।
जल यात्रा में जनप्रतिनिधियों, स्थानीय ग्रामीणजनों, मातृशक्तियों, स्व सहायता समूहों की महिलाओं, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं द्वारा सिर पर मिट्टी के कलश रखकर एवं हाथों में जल संरक्षण से संबंधित नारों की तख्तियां लेकर गांव में भ्रमण किया गया, जिससे जन-जन तक जल बचाने का संदेश पहुंचाया गया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता संतोष दुबे, उपाध्यक्ष दुर्गा पारस पटेल, विधायक प्रतिनिधि, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं विकासखंड नोडल अधिकारी तथा प्रोजेक्ट लीडर यजुवेंद्र कोरी, वाटरशेड परियोजना के जिला प्रभारी कमलेश सैनी, मीडिया प्रभारी योगेंद्र कुमार असाटी, जनपद सदस्य, सरपंच सहित सैकड़ों की संख्या में जागरूक समाजसेवी उपस्थित रहे। इस अवसर पर जनपद पंचायत के सीईओ एवं प्रोजेक्ट लीडर श्री कोरी ने जानकारी दी कि वाटरशेड परियोजना क्रमांक 1 एवं 2 के अंतर्गत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से जल संरक्षण एवं संवर्धन से संबंधित तालाब, खेत तालाब सहित लगभग 13 कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ। साथ ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण भी किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता संतोष दुबे ने नागरिकों से पानी की एक-एक बूंद को संरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने ग्राम पंचायत भमका में निर्मित नेटशेड का रिबन काटकर शुभारंभ किया, जिसका उद्देश्य मौसमी सब्जियों के बीज तैयार कर किसानों को उपलब्ध कराना है, जिससे किसान अधिक उत्पादन कर बेहतर आर्थिक लाभ अर्जित कर सकें।
वाटरशेड महोत्सव के दौरान जल संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जागरूक नागरिकों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मेघा मौर्य, अजय केसरवानी, संतोष द्विवेदी, राहुल पंथ, शिवम यादव, विक्रम विश्वकर्मा, शशि दिवाकर दीक्षित, भूपेंद्र सिंह, अनुपम कुशवाहा, संतोष पाठक, अभिषेक भार्गव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन, स्व सहायता समूहों की महिलाएं एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।