महिला के मुंह में पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश, 24 घंटे में तीनों आरोपी गिरफ्तार
महिला के मुंह में पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश, 24 घंटे में तीनों आरोपी गिरफ्तार
कटनी।। जिले में मानवता को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना में महिला को जिंदा जलाने का प्रयास करने वाले तीन आरोपियों को बड़वारा पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस गंभीर अपराध ने क्षेत्र में दहशत फैला दी थी, लेकिन पुलिस की तेज और सख्त कार्रवाई से आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना बड़वारा पुलिस ने इस जघन्य अपराध का त्वरित खुलासा किया।
क्या है पूरा मामला
पीड़िता संतरा बाई कोल 50 वर्ष निवासी ग्राम छैघरा मझगंवा ने थाना बड़वारा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 28 जनवरी 2026 की रात करीब 1 बजे गांव के राज रैकवार और मोनू रैकवार उसके दामाद देवीदीन के साथ घर के बाहर गाली-गलौज कर रहे थे। विरोध करने पर दोनों आरोपी उग्र हो गए। इसी दौरान भोला कोल भी मौके पर पहुंचा और तीनों ने मिलकर महिला को जान से मारने की नीयत से उसके मुंह में पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। आग की लपटों से महिला का चेहरा बुरी तरह झुलस गया। शोर सुनकर परिजन बाहर आए, तब आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता को गंभीर हालत में जिला अस्पताल कटनी में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना बड़वारा में अपराध पंजीबद्ध कर धारा 296(बी), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उनि. के.के. पटेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सघन तलाश कर तीनों फरार आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी भोला कोल, उम्र 19 वर्ष,राज रैकवार, उम्र 20 वर्ष,मोनू रैकवार, उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम छैघरा, थाना बड़वारा,पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।