टेंडर हुआ… काम नहीं हुआ… और चली गई एक जिंदगी सुधार न्यास में मौत की 33 केवी हाईटेंशन लाइन ने ली मजदूर की जान सामने आई सिस्टम की लापरवाही
टेंडर हुआ… काम नहीं हुआ… और चली गई एक जिंदगी
सुधार न्यास में मौत की 33 केवी हाईटेंशन लाइन ने ली मजदूर की जान सामने आई सिस्टम की लापरवाही
कटनी।। शहर में एक बार फिर सिस्टम फेल हो गया। माधवनगर थाना क्षेत्र के विश्राम बाबा स्थित सुधार न्यास कॉलोनी मोड़ पर घनी आबादी के बीच से गुजर रही 33 केवी हाईटेंशन लाइन ने एक मजदूर की जान ले ली। यह हादसा नहीं, बल्कि लापरवाही से लिखी गई मौत की पटकथा थी—जिसकी जानकारी सबको थी, लेकिन जिम्मेदारों ने आंखें मूंदे रखीं। यह सिर्फ एक हादसा नहीं है….पहले से तय मौत है…यह कहानी है एक ऐसी हाईटेंशन लाइन की, जिसे हटाने का टेंडर हो चुका था…लेकिन हटाया नहीं गया…और उसकी कीमत चुकानी पड़ी एक गरीब मजदूर को—अपनी जान देकर।
माधवनगर थाना क्षेत्र के विश्राम बाबा स्थित सुधार न्यास कॉलोनी मोड़ पर घनी आबादी के बीच से गुजरती 33 केवी हाईटेंशन लाइन जिसे प्रशासन, एमपीबी और ठेकेदार तीनों जानते थे कि यह मौत का खतरा है।
लेकिन लापरवाही इतनी गहरी थी कि उसी लाइन ने दिनेश केवट 35 वर्ष की जिंदगी छीन ली। दिनेश केवट पिता कुंजी लाल केवट, निवासी धपई, माधवनगर रोज की तरह मजदूरी करने आया था।मनोज गर्ग, एडवोकेट के निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान उसका पैर लोहे के जाल में फंसा…संतुलन बिगड़ा और वह दो मंजिला निर्माणाधीन मकान से नीचे गिर पड़ा। नीचे उसका इंतज़ार कर रही थी एमपीबी की 33 केवी हाईटेंशन लाइन। चंद सेकेंड…तेज करंट…और दिनेश की जिंदगी वहीं खत्म हो गई।
इस पूरे मौत के मंजर को पास लगे CCTV कैमरे ने कैद कर लिया। वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है
और यह वीडियो सिस्टम के झूठे दावों की पोल खोल रहा है। अगर जिम्मेदारों ने समय पर काम किया होता, तो आज एक मजदूर जिंदा होता।
सबसे चौंकाने वाला सच इस 33 केवी लाइन की शिफ्टिंग का टेंडर पहले ही पास हो चुका था। फिर भी, एमपीबी ने काम नहीं कराया, ठेकेदार ने लापरवाही बरती,प्रशासन ने निगरानी नहीं की और नतीजा एक गरीब मजदूर की मौत। घटना के बाद स्थानीय लोग दिनेश को भागते हुए जिला अस्पताल कटनी लेकर पहुंचे…लेकिन डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया। घर में कमाने वाला इकलौता सहारा चला गया…और पीछे रह गया एक उजड़ा हुआ परिवार।अब लोंग मांग कर रहें है कि 33 केवी हाईटेंशन लाइन को तुरंत कॉलोनी से बाहर शिफ्ट किया जाए,एमपीबी और ठेकेदार पर आपराधिक कार्रवाई की जाए और मृतक मजदूर के परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता दी जाए।