बजट में केवल आंकड़ों की बाजीगरी, ज़मीनी हकीकत से दूर : मिथलेश जैन

0

बजट में केवल आंकड़ों की बाजीगरी, ज़मीनी हकीकत से दूर : मिथलेश जैन
कटनी।। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं नगर निगम के वरिष्ठ पार्षद तथा कांग्रेस नेता मिथलेश जैन ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत आम बजट पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे आम जनता की अपेक्षाओं के साथ छल बताया है। उन्होंने कहा कि बजट में देश के नौजवानों, किसानों, व्यापारियों और महिलाओं के लिए कोई ठोस और विशेष प्रावधान नहीं किए गए हैं।
मिथलेश जैन ने कहा कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के इस दौर में जनता को राहत देने की बजाय सरकार ने केवल आंकड़ों की बाजीगरी कर झूठी वाहवाही लूटने का प्रयास किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयकर में छूट का दायरा बढ़ाया जाना चाहिए था, जिससे मध्यम वर्ग को राहत मिलती, लेकिन इस दिशा में भी बजट पूरी तरह विफल रहा।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि यह बजट आम आदमी के बजाय चंद पूंजीपतियों और कॉरपोरेट वर्ग को ध्यान में रखकर बनाया गया है। किसानों के लिए न तो फसलों की उचित कीमत को लेकर कोई ठोस नीति सामने आई और न ही युवाओं के लिए रोजगार सृजन की कोई स्पष्ट योजना।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता को लेकर भी बजट पूरी तरह मौन रहा, जो सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े करता है। मिथलेश जैन ने कहा कि यह बजट जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने में असफल रहा है और देश की वास्तविक समस्याओं से ध्यान भटकाने वाला मात्र एक दिखावटी दस्तावेज़ बनकर रह गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed