विकसित भारत की मजबूत नींव है केंद्रीय बजट 2026-27-विष्णुदत्त शर्मा

0

विकसित भारत की मजबूत नींव है केंद्रीय बजट 2026-27-विष्णुदत्त शर्मा
कटनी।। भारतीय जनता पार्टी जिला कटनी द्वारा शनिवार को जिला भाजपा कार्यालय में केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। वार्ता को संबोधित करते हुए खजुराहो–कटनी लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने केंद्रीय बजट को विकसित और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट गरीब, युवा, नारी शक्ति, अन्नदाता, मध्यम वर्ग और उद्यमियों के सर्वांगीण सशक्तिकरण पर केंद्रित है।
सांसद श्री शर्मा ने कहा कि केंद्रीय बजट रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म की भावना को साकार करता है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। बजट में देश के कुल कर्ज को जीडीपी के 56 प्रतिशत से घटाकर 50 प्रतिशत तक लाने की योजना, 7 हाई-स्पीड कॉरिडोर का निर्माण, 12.2 लाख करोड़ रुपये के कैपिटल एक्सपेंडिचर तथा सेमीकंडक्टर मिशन के लिए निवेश को 40 हजार करोड़ रुपये तक बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र की चर्चा करते हुए बताया कि कैंसर सहित गंभीर बीमारियों की 17 दवाओं पर कस्टम ड्यूटी शून्य की गई है। साथ ही एक लाख हेल्थ प्रोफेशनल्स की नियुक्ति, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य संस्थान की स्थापना, हेल्थ टूरिज्म को बढ़ावा तथा जिला अस्पतालों के उन्नयन और ट्रामा सेंटर की स्थापना से आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। महिलाओं के लिए प्रत्येक जिले में हॉस्टल, केयर वर्कर्स और पेंशनर्स के लिए विशेष सुविधाओं का भी बजट में प्रावधान है।
सांसद श्री शर्मा ने कहा कि यह बजट ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने और दीर्घकालिक विकास की दिशा तय करने वाला है। युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। 15 हजार माध्यमिक विद्यालयों में कंटेंट क्रिएटर लैब, आईआईएम के सहयोग से 10 हजार टूरिस्ट गाइड तैयार करने और खेलो इंडिया के माध्यम से खेलों को प्रोत्साहन देने जैसी घोषणाएं युवाओं के लिए नए अवसर खोलेंगी। पत्रकारों के सवालों के जवाब में सांसद श्री शर्मा ने कटनी क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार, ग्रेड सेपरेटर, स्टेशनों के विकास, तीसरी रेलवे लाइन तथा 5 लाख से कम आबादी वाले शहरों के विकास की नई योजना से कटनी को होने वाले लाभों की जानकारी दी। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष , विधायक प्रणय पांडे, पूर्व विधायक श्रीमती अलका जैन, पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव, पूर्व केडीए अध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी, पिछड़ा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश सोनी, जिला महामंत्री मनीष देव मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed