शहर को चाहिए राहत, महापौर ने सुनी ज़मीनी हकीकत लंबित सड़कों–नालियों पर जताई नाराज़गी, समय पर काम पूरा करने के सख्त निर्देश, लोक निर्माण विभाग के कार्यों की ली गहन समीक्षा तय की प्राथमिकताएँ
शहर को चाहिए राहत, महापौर ने सुनी ज़मीनी हकीकत
लंबित सड़कों–नालियों पर जताई नाराज़गी, समय पर काम पूरा करने के सख्त निर्देश, लोक निर्माण विभाग के कार्यों की ली गहन समीक्षा तय की प्राथमिकताएँ
कटनी।। शहर की बदहाल सड़कों, अधूरी नालियों और लंबे समय से लंबित विकास कार्यों से परेशान नागरिकों की उम्मीदों को ध्यान में रखते हुए प्रीति संजीव सूरी ने नगर निगम के लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक का उद्देश्य सिर्फ कागजी समीक्षा नहीं, बल्कि आम जनता को जल्द राहत दिलाना रहा।
महापौर ने नगर में प्रस्तावित और लंबित विकास कार्यों की बारीकी से समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि अब विकास कार्यों में देरी सीधे जनता की परेशानी बढ़ा रही है। उन्होंने प्रत्येक कार्य की प्रगति, तकनीकी प्रक्रियाओं और आ रही व्यावहारिक दिक्कतों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर काम ज़मीनी स्तर पर दिखना चाहिए, केवल फाइलों में नहीं।
उन्होंने कहा कि सड़क, नाली और अन्य आधारभूत सुविधाएँ आम नागरिक के दैनिक जीवन से जुड़ी हैं। इन कार्यों में लापरवाही का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ता है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महापौर ने लंबित कार्यों को प्राथमिकता पर लेने और प्रस्तावित योजनाओं को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए महापौर ने कहा कि घटिया कार्य किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं होगा। हर स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग कर यह सुनिश्चित किया जाए कि कार्य समयसीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरे हों, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके। समीक्षा बैठक में प्रभारी कार्यपालन यंत्री असित खरे, प्रभारी सहायक यंत्री सुनील सिंह, आदेश जैन, उपयंत्री संजय मिश्रा, जे.पी. सिंह बघेल, पवन श्रीवास्तव सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नगर का विकास सिर्फ योजनाओं से नहीं, बल्कि उनके समय पर और सही क्रियान्वयन से होता है। निगम प्रशासन की प्राथमिकता जनता को बेहतर सड़क, सुव्यवस्थित नालियाँ और मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराना है, ताकि शहर का हर नागरिक विकास को महसूस कर सके।