मजदूर की शिकायत पर इंटक अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने तीन दिन में मजदूरी दिलवाई
मजदूर की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इंटक जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने एक बार फिर मजदूर हित में पहल करते हुए बकाया मजदूरी दिलवाई। मामला तीन दिन पहले का है, जब मजदूर राशिद अभिशेष ने राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) जिला कार्यालय में अपनी मजदूरी नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत पवन कश्यप, निवासी डूबटिया के खिलाफ की गई थी।
शिकायत मिलते ही इदरीस अंसारी ने दोनों पक्षों को कार्यालय बुलाकर चर्चा की और आपसी समझौते के जरिए मजदूर राशिद अभिशेष को कुल ₹25,000 दिलवाए। इस दौरान ₹15,000 का चेक पवन कश्यप की पत्नी प्रभा कश्यप ने इदरीस अंसारी की मौजूदगी में मजदूर को सौंपा, जबकि शेष ₹10,000 राशि 25 फरवरी 2026 तक देने पर सहमति बनी।
मजदूरों ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वे उत्तर प्रदेश और कटघोरा क्षेत्र से काम करने आए थे, लेकिन मजदूरी नहीं मिलने के कारण घर लौटना मुश्किल हो गया था। किसी की सलाह पर उन्होंने इंटक जिला कार्यालय में शिकायत की, जहां मात्र तीन दिन के भीतर उनका हिसाब हो गया।
मजदूरों ने कहा कि आज के दौर में इतनी जल्दी और बिना भेदभाव के किसी गरीब मजदूर के लिए काम होना विश्वास से परे लगता है। उन्होंने इदरीस अंसारी को गरीब मजदूरों का मसीहा बताते हुए उनके लिए दुआ की।
बताया जाता है कि जिला जीपीएम पूरी तरह असंगठित क्षेत्र में आता है और इदरीस अंसारी पिछले सात वर्षों से लगातार मजदूरों को उनका हक दिलाने में सक्रिय हैं। प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों—जैसे चेन्नई, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, हैदराबाद, अनूपपुर, मध्यप्रदेश और केरल—से जुड़े मजदूरों की मजदूरी दिलाने में भी उन्होंने भूमिका निभाई है।
जब इस बारे में इदरीस अंसारी से पूछा गया तो उन्होंने कहा, “बड़ी-बड़ी बातें करने से बेहतर है कि नीयत साफ हो। अल्लाह की मदद और मजदूरों की दुआ से कोई काम नामुमकिन नहीं होता। गरीब की दुआ और बद्दुआ दोनों सीधे ऊपर तक पहुंचती हैं।”