मध्यप्रदेश शासन की मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से 193 बेटियों को मिला नया जीवन
मध्यप्रदेश शासन की मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से 193 बेटियों को मिला नया जीवन
कटनी।। मध्यप्रदेश शासन की जनकल्याणकारी मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत जिले में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस आयोजन के माध्यम से जिले की 193 कन्याएँ वैवाहिक जीवन में प्रवेश कर सशक्त भविष्य की ओर अग्रसर हुईं। जिले के विभिन्न विकासखंड मुख्यालयों एवं नगर परिषद कैमोर में आयोजित इन सामूहिक विवाह समारोहों में सामाजिक समरसता, परंपरा और सरकारी संवेदनशीलता का सुंदर समन्वय देखने को मिला। कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद पंचायत कटनी में 39, विजयराघवगढ़ में 51, बहोरीबंद में 42, रीठी में 10 तथा ढीमरखेड़ा में 39 कन्याओं का विवाह संपन्न हुआ। वहीं नगर परिषद कैमोर में 12 कन्याओं का विवाह उत्सवी माहौल में सम्पन्न कराया गया। जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं उपसंचालक सामाजिक न्याय अनुराग मोदी ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन द्वारा प्रत्येक कन्या को 49 हजार रुपये की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी {{डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर}} के माध्यम से प्रदान की जाएगी, जिससे नवविवाहित दंपत्तियों को आत्मनिर्भर शुरुआत मिल सके। सामूहिक विवाह समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं समाजसेवियों की सक्रिय सहभागिता रही, जिससे यह आयोजन सामाजिक सहयोग और शासन की लोक कल्याणकारी सोच का जीवंत उदाहरण बना। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के माध्यम से मध्यप्रदेश शासन बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर प्रभावी कदम उठा रहा है, जो सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की मजबूत आधारशिला है।