ईएमएस पोर्टल से कक्षा 9वीं व 11वीं की वार्षिक परीक्षा प्रक्रिया होगी पूरी तरह डिजिटल शिक्षण सत्र 2025-26 से प्रवेश पत्र, परिणाम और अंकसूची होगी ऑनलाइन तैयार
ईएमएस पोर्टल से कक्षा 9वीं व 11वीं की वार्षिक परीक्षा प्रक्रिया होगी पूरी तरह डिजिटल
शिक्षण सत्र 2025-26 से प्रवेश पत्र, परिणाम और अंकसूची होगी ऑनलाइन तैयार
कटनी। स्कूल शिक्षा विभाग ने परीक्षा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सरल और समयबद्ध बनाने की दिशा में एक अहम पहल की है। विभाग द्वारा विकसित एजुकेशन मैनेजमेंट सिस्टम (EMS) पोर्टल के माध्यम से कक्षा 9वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षा से जुड़ी समस्त प्रक्रियाएं ऑनलाइन संचालित की जाएंगी। यह व्यवस्था शिक्षण सत्र 2025-26 से लागू की जाएगी, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
नई व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों के लिए यूनिक रोल नंबर जनरेट किए जाएंगे, जिनके आधार पर प्रवेश पत्र जारी, परीक्षा परिणाम तैयार और अंकसूचियां सीधे प्रिंट की जा सकेंगी। इससे परीक्षा संबंधी कार्यों में न केवल समय की बचत होगी, बल्कि प्रशासनिक दक्षता भी बढ़ेगी।
ईएमएस पोर्टल पर ही वार्षिक परीक्षा परिणामों का संकलन होगा, जिससे राज्य, संभाग एवं जिला स्तर पर त्वरित विश्लेषण संभव हो सकेगा। साथ ही द्वितीय परीक्षा से संबंधित समस्त कार्यवाही भी इसी पोर्टल के माध्यम से की जा सकेगी।
स्कूल शिक्षा विभाग की यह पहल परीक्षा प्रणाली के डिजिटलीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे विद्यार्थियों को सुविधाजनक, पारदर्शी और भरोसेमंद परीक्षा व्यवस्था मिलेगी, वहीं विद्यालयों के लिए भी कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी होगी।