मित्तल एयर ब्रिक्स फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा भारी मशीन का हापड़ गिरने से मजदूर की मौत, फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही के गंभीर आरोप
मित्तल एयर ब्रिक्स फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा भारी मशीन का हापड़ गिरने से मजदूर की मौत, फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही के गंभीर आरोप
कटनी।। माधवनगर थाना अंतर्गत झिंझरी पुलिस चौकी क्षेत्र के गुलवारा में संचालित मित्तल एयर ब्रिक्स फैक्ट्री में एक हृदय विदारक हादसा हो गया। फैक्ट्री में काम के दौरान एक मजदूर के सिर पर हापड़ भारी मशीन का हिस्सा गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। साथियों द्वारा आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सतीश काछी 27 वर्ष निवासी ग्राम चरगवां स्लीमनाबाद के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सतीश रोज की तरह फैक्ट्री में काम कर रहा था, तभी अचानक ऊपर से भारी मशीन का हिस्सा गिर पड़ा और वह उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उसकी हालत नाजुक हो गई। मृतक के पिता संतोष काछी ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि फैक्ट्री में मजदूरों को न तो हेलमेट उपलब्ध कराए जाते हैं और न ही अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण। यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता, तो संभवतः यह हादसा टल सकता था। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों, मशीन संचालन में बरती गई सावधानियों और फैक्ट्री प्रबंधन की भूमिका की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में श्रमिक सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है। इतनी बड़ी फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी कैसे हुई यह जांच का अहम विषय है।