लक्ष्मी पान भंडार से सागर पुल मार्ग का सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ स्थल निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निर्माण के दिए निर्देश
लक्ष्मी पान भंडार से सागर पुल मार्ग का सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ
स्थल निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निर्माण के दिए निर्देश
कटनी।। नगरपालिक निगम सीमांतर्गत शहर के अति महत्वपूर्ण एवं व्यस्त मार्ग लक्ष्मी पान भंडार से सागर पुल की ओर सड़क निर्माण कार्य रात्रि से प्रारंभ हो गया। लंबे समय से जर्जर स्थिति के कारण नागरिकों को हो रही असुविधा को देखते हुए यह कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया गया है।
कार्य प्रारंभ होने के उपरांत स्थल पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। निरीक्षण के दौरान कार्यस्थल पर उपस्थित नियोजक सचिन दुबे से सड़क निर्माण की रूपरेखा, उपयोग में लाई जा रही सामग्री की गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा के संबंध में जानकारी ली गई। स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सड़क निर्माण कार्य पूर्ण गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं तय समय-सीमा में ही संपन्न किया जाए, जिससे नागरिकों को शीघ्र राहत मिल सके।
उल्लेखनीय है कि यह मार्ग शहर का प्रमुख आवागमन मार्ग है। पूर्व में सीवर लाइन तथा रेलवे से संबंधित कार्यों के चलते सड़क अत्यंत जर्जर हो गई थी, जिससे यातायात बाधित हो रहा था और आम नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। अब सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ होने से क्षेत्रवासियों में प्रसन्नता का माहौल है। निरीक्षण के दौरान कहा गया कि जनसुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम सड़क सुविधा उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्माण कार्य पूर्ण होते ही यह मार्ग आमजन के लिए सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से उपलब्ध कराया जाएगा।
नागरिकों से अपील की गई कि निर्माण अवधि के दौरान अस्थायी असुविधा संभव है, किंतु कार्य पूर्ण होने के बाद यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और आवागमन अत्यंत सुगम हो जाएगा। शहर के समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्धता के साथ यह महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया है। इस अवसर पर नियोजक सचिन दुबे, रवि शर्मा,राजेश कोरी, सानू तिवारी, संदीप, दुर्गेश साहू, सुरेश चंद्र अहिरवार, शेखू खटीक, रितिक राठौर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।