नई परिवहन नीति के खिलाफ बस ऑपरेटरों का बड़ा ऐलान 2 मार्च 2026 से प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल

0

नई परिवहन नीति के खिलाफ बस ऑपरेटरों का बड़ा ऐलान
2 मार्च 2026 से प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल
कटनी।। मध्यप्रदेश शासन की नई परिवहन नीति के विरोध में बस संचालकों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया है। कटनी बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन के बैनर तले आयोजित पत्रकारवार्ता में यह घोषणा की गई कि 2 मार्च 2026 से प्रदेशभर में बसों का संचालन पूरी तरह ठप रहेगा। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने बताया कि शासन द्वारा 24 दिसंबर 2025 को परिवहन नियमों में संशोधन किया गया तथा 29 जनवरी 2026 से निजी बसों को अनुबंधित करने की व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत प्रदेश में गठित 7 निजी कंपनियों के साथ बस संचालकों को अनुबंध करना अनिवार्य किया गया है, जिसे बस ऑपरेटर अपने हितों के विरुद्ध बता रहे हैं। एसोसिएशन अध्यक्ष शुभप्रकाश मिश्र ने कहा कि नई नीति के तहत अतिरिक्त कर एवं टैक्स का बोझ बढ़ेगा। साथ ही बसों के परमिट का नवीनीकरण अब हर 6 माह में कराना होगा, जबकि वर्तमान व्यवस्था में निजी बसों के परमिट 5 वर्षों के लिए स्वीकृत होते हैं और नवीनीकरण भी 5 वर्षों में ही किया जाता है। इससे बस संचालकों पर आर्थिक और प्रशासनिक दबाव अत्यधिक बढ़ जाएगा। बस ऑपरेटरों ने शासन से नई परिवहन नीति को तत्काल वापस लेने की मांग की है। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर पुनर्विचार नहीं किया गया तो 2 मार्च से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। हड़ताल की स्थिति में आम यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। विशेष रूप से दैनिक यात्री, छात्र और ग्रामीण क्षेत्रों के लोग सबसे अधिक प्रभावित होंगे।
पत्रकारवार्ता में एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंकज गुप्ता, मनोज कुमार चौरसिया, राजेंद्र मिश्रा, प्रदीप गुप्ता, यादवेंद्र मिश्रा, रामजी पांडे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed