अवैध कॉलोनियों पर जीरो टॉलरेंस शहर नियोजन को पटरी पर ला रहीं निगमायुक्त ,अवैध कालोनी की निर्मित संरचनाओं पर चली जेसीबी
अवैध कॉलोनियों पर जीरो टॉलरेंस शहर नियोजन को पटरी पर ला रहीं निगमायुक्त ,अवैध कालोनी की निर्मित संरचनाओं पर चली जेसीबी
कटनी।। सुव्यवस्थित शहर विकास और नागरिक सुविधाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगर निगम अवैध कॉलोनी निर्माण के विरुद्ध लगातार और प्रभावी कार्रवाई कर रहा है। निगमायुक्त तपस्या परिहार के नेतृत्व में निगम प्रशासन ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर में नियमों की अनदेखी कर किया गया कोई भी निर्माण स्वीकार्य नहीं होगा। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 45, रविंद्रनाथ टैगोर वार्ड अंतर्गत अमीरगंज क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी पर सख्त कार्रवाई की गई। जांच में पाया गया कि कॉलोनी में सड़क सहित अन्य विकास कार्य बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के किए जा रहे थे, जो नगर निगम के नियमों का सीधा उल्लंघन है। पूर्व में संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर वैधानिक स्वीकृति प्रस्तुत करने और निर्माण रोकने के निर्देश दिए गए थे, किंतु समयसीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर जेसीबी मशीन के माध्यम से निर्मित संरचनाओं को हटाया गया।
निगमायुक्त सुश्री परिहार द्वारा समय-सीमा बैठक में दिए गए स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में कालोनी सेल और अतिक्रमण अमले ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। इस दौरान कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह, उपयंत्री जेपी सिंह बघेल, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित तकनीकी टीम मौके पर मौजूद रही।
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने कहा कि अवैध कॉलोनियों का विकास न केवल शहर की नियोजन व्यवस्था को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि भविष्य में नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित करता है। ऐसे मामलों में निरंतर अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर का विकास योजनाबद्ध और टिकाऊ रूप से हो सके। निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि भू-खंड या मकान खरीदने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच अवश्य करें और नगर निगम से विधिवत स्वीकृति प्राप्त होने के बाद ही निर्माण कार्य प्रारंभ करें। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यह सख्त और पारदर्शी कार्यशैली इस बात का संकेत है कि निगम प्रशासन अब अवैध निर्माण के विरुद्ध समझौता नहीं करेगा और शहर के सुनियोजित विकास के लिए आवश्यक हर कदम उठाएगा।