85 वर्षीय बुजुर्ग का लहूलुहान शव मिलने से फैली सनसनी, हत्या की आशंक, कोतवाली पुलिस जांच में जुटी

0

(अनिल तिवारी)
शहडोल। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब पुरानी बस्ती स्थित नूरी मस्जिद के पास रेलवे के खाली पड़े क्वार्टर्स के समीप एक 85 वर्षीय बुजुर्ग का खून से लथपथ शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ, मृतक की पहचान मोहम्मद अब्दुल रहमान के रूप में की गई है। घटना सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने सुबह रेलवे के परित्यक्त क्वार्टर्स के पास एक बुजुर्ग का शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई,सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। विशेष रूप से सिर पर गहरी चोट के निशान मिले हैं, वहीं हाथ की उंगलियां भी टूटी हुई पाई गई हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हत्या की आशंका जताई जा रही है।

घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी करते हुए मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके। वहीं पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना के समय मृतक के आसपास कौन-कौन मौजूद था या कोई संदिग्ध गतिविधि देखी गई थी या नहीं…

फिलहाल इस रहस्यमयी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है और जल्द ही मामले के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।

इस संबंध में कोतवाली प्रभारी राघवेंद्र तिवारी ने बताया कि एक बुजुर्ग का शव संदिग्ध अवस्था में मिला है, जिसके शरीर पर चोट के निशान हैं। पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई करते हुए मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed