आजीविका मिशन के तहत सब्जी-भाजी एवं मछली पालन व्यवसाय से लखपती दीदी बनी सोनम राठौर
मो शाकिब खान
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 12 मार्च 2026/गौरेला विकासखंड के ग्राम नेवरी नवापारा की दीप ज्योति महिला स्वसहायता समूह की सदस्य श्रीमती सोनम राठौर आजीविका मिशन के तहत सब्जी-भाजी एवं मछली पालन व्यवसाय से लखपती दीदी बन गई हैं। सोनम राठौर अपनी मेहनत और लगन से एक प्रेरणादायक मिसाल कायम की है और आज वे लखपति दीदी के रूप में जानी जाती हैं। सोनम राठौर बताती हैं कि यदि महिलाएं कुछ करने का ठान लें तो कोई भी कार्य कठिन नहीं होता। उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि छोटे स्तर पर शुरू किया गया उनका व्यवसाय इतना बड़ा रूप ले लेगा। आज आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के बाद समाज में उनकी एक अलग पहचान बनी है।
समूह से जुड़ने से पहले सोनम केवल खेती-किसानी के कार्यों में परिवार की मदद करती थीं और परिवार की आर्थिक स्थिति भी ज्यादा मजबूत नहीं थी। लेकिन बिहान मिशन से जुड़ने के बाद उन्हें प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग मिला, जिससे उन्होंने धीरे-धीरे अपने काम की शुरुआत की। आज सोनम कई प्रकार के व्यवसाय कर रही हैं। वे खेती के साथ-साथ सब्जी उत्पादन का व्यवसाय करती हैं।
अपने निजी तालाब में सिंघाड़ा उत्पादन और मछली पालन भी करती हैं। इसके अलावा घर पर बकरी पालन, किराना और मनिहारी दुकान भी संचालित करती हैं। मौसम के अनुसार वे अलग-अलग उत्पाद जैसे आचार, पापड़ तथा होली के समय हर्बल गुलाल बनाकर बेचती हैं। इन सभी गतिविधियों से उन्हें सालाना लगभग ढाई से तीन लाख रुपये की आय प्राप्त हो रही है। इससे न केवल उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है, बल्कि वे अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई हैं। सोनम राठौर कहती हैं कि बिहान मिशन ने मुझे आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया। आज मैं अपने परिवार का सहारा बन सकी हूँ और अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रही हूँ।