हाल-ए-हलचल’ की खबर का बड़ा असर: ‘बच्चा चोर’ की अफवाह फैलाने वाले इन्फ्लुएंसर ने मांगी माफी, ‘हाल-ए-हलचल’ की सोशल मीडिया क्रिएटर्स से खास अपील

0

मोहम्मद शाकिब खान चीफ रिपोर्टर

जीपीएम/ गौरेला- पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया, विशेषकर इंस्टाग्राम पर ‘बच्चा चोर’ गिरोह के सक्रिय होने की झूठी और भ्रामक अफवाहें तेजी से फैलाई जा रही थीं। इन भ्रामक वीडियो के कारण इलाके में दहशत का माहौल बन गया था और कुछ जगहों पर बेकसूर लोग भीड़ की हिंसा (Mob Lynching) का शिकार भी हो रहे थे।

खबर का असर 👆

इस गंभीर और संवेदनशील मुद्दे को ‘हाल-ए-हलचल’ ने पूरी जिम्मेदारी के साथ प्रमुखता से उठाया और ऐसी अफवाहों को हवा देने वाले पेजों को बेनकाब करते हुए पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

 

खबर का असर:

हमारी इस ग्राउंड रिपोर्ट और खबर का व्यापक असर देखने को मिला है। अफवाहों को बढ़ावा देने वाले सोशल मीडिया पेजों और इन्फ्लुएंसर्स (जैसे कि cg31live) ने अब सार्वजनिक रूप से अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफीनामा पोस्ट किया है और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का वादा किया है।

 

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर साथियों से ‘हाल-ए-हलचल’ की अपील:

हम सभी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, पेज एडमिन्स और कंटेंट क्रिएटर्स से यह विनम्र लेकिन सख्त अपील करते हैं:

कंटेंट के चक्कर में न फैलाएं दहशत: चंद व्यूज, लाइक्स और कंटेंट के चक्कर में कोई भी ऐसी बिना पुष्टि की गई जानकारी या वीडियो पोस्ट न करें जिससे समाज में भय, दहशत या हिंसा का माहौल पैदा हो।

 

प्रश्नवाचक चिह्न (?) बचाव नहीं है: किसी भी भ्रामक वीडियो के कैप्शन में सिर्फ यह लिख देना कि “सच है या सिर्फ अफ़वाह?” आपकी जिम्मेदारी को खत्म नहीं करता। आपकी हजारों/लाखों की रीच है, और ऐसे पोस्ट सीधे तौर पर अफवाहों को हवा देते हैं।

जिम्मेदारी समझें: आपकी एक छोटी सी लापरवाही या भ्रामक पोस्ट किसी निर्दोष की जान को खतरे में डाल सकती है। अपनी पहुंच का इस्तेमाल समाज को जागरूक करने और सकारात्मकता फैलाने के लिए करें।

 

‘हाल-ए-हलचल’ सच्ची और जनहित की पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध है। समाज में शांति भंग करने वाली किसी भी अफवाह के खिलाफ हमारी मुहिम आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed