महानदी पुल के पास फिर मिला नर कंकाल, हत्या की आशंका से दहशत
महानदी पुल के पास फिर मिला नर कंकाल, हत्या की आशंका से दहशत
कटनी।। विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बरही थाना क्षेत्र में स्थित महानदी पुल के समीप एक बार फिर संदिग्ध परिस्थितियों में नर कंकाल मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मंगलवार को सुबह स्थानीय लोगों ने नदी के पास एक कंकाल को तैरते हुए देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लगभग 40 वर्षीय युवक का कंकाल नदी में पड़ा हुआ था, जिसके हाथ-पांव बंधे हुए पाए गए। इस स्थिति ने मामले को और गंभीर बना दिया है तथा प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और कंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। विजयराघवगढ़ एसडीओपी वीरेंद्र धार्वे ने बताया कि घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। शव की स्थिति को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि घटना लगभग एक माह पुरानी हो सकती है।
पहचान अब तक नहीं, पुलिस के सामने चुनौती
मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, जिससे पुलिस के सामने जांच को आगे बढ़ाने की चुनौती बनी हुई है। आसपास के थानों में गुमशुदगी के मामलों की भी जांच की जा रही है ताकि मृतक की शिनाख्त हो सके। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।