नालंदा परिसर निर्माण को लेकर विवाद,सीएमओ ने तीन लोगों के खिलाफ की शिकायत
मोहम्मद शाकिब खान चीफ रिपोर्टर गौरेला
*गौरेला पेंड्रा मरवाही:-* नगर पालिका परिषद पेण्ड्रा के वार्ड क्रमांक 12 में बन रहे नालंदा परिसर के निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने थाना पेण्ड्रा में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास नवा रायपुर के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद पेण्ड्रा द्वारा वार्ड क्रमांक 12 में नालंदा परिसर का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। आरोप है कि पुष्पराज सिंह ठाकुर, अंकुर गुप्ता एवं दिलसाद ईराकी द्वारा निर्माण स्थल पर पहुंचकर कार्य में अनावश्यक हस्तक्षेप करते हुए काम रुकवाने का प्रयास किया जा रहा है। 
शिकायत में यह भी बताया गया है कि उक्त लोगों द्वारा कर्मचारियों एवं मजदूरों को डराने-धमकाने के साथ निर्माण कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया जा रहा है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी के मौके पर पहुंचने पर उनके साथ भी असभ्य भाषा का प्रयोग किया गया और स्थिति हाथापाई तक पहुंचने की नौबत बन गई।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने मामले को गंभीर बताते हुए थाना पेण्ड्रा में लिखित शिकायत देकर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।