नवरात्र पर गूंजी भक्ति की स्वर लहरियां कटनी ब्लड डोनर एंड वेलफेयर सोसाइटी ने किया भव्य श्री हनुमान चालीसा अनुष्ठान का आयोजन

0

नवरात्र पर गूंजी भक्ति की स्वर लहरियां कटनी ब्लड डोनर एंड वेलफेयर सोसाइटी ने किया भव्य श्री हनुमान चालीसा अनुष्ठान का आयोजन
कटनी।। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर समाज सेवा और धार्मिक आस्था का सुंदर संगम रविवार 22 मार्च को देखने को मिला, जब कटनी ब्लड डोनर एंड वेलफेयर सोसाइटी द्वारा संत नगर स्थित आई फिट स्पोर्ट्स टर्फ में भव्य श्री हनुमान चालीसा अनुष्ठान का सफल आयोजन किया गया। सायं 4 बजे से प्रारंभ होकर 7 बजे तक चले इस पावन अनुष्ठान में हजारों श्रद्धालु एकत्रित होकर श्री राम भक्त हनुमान जी की आराधना में लीन हो गए। एक साथ गूंजती हनुमान चालीसा की चौपाइयों, जय श्री राम और जय बजरंग बली के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिरस में सराबोर हो उठा। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो स्वयं पवनपुत्र हनुमान की कृपा वहां उपस्थित प्रत्येक भक्त पर बरस रही हो।
श्री बजरंग बाल रामायण समाज, कटनी द्वारा प्रस्तुत संगीतमय वाणी सेवा ने आयोजन को और भी दिव्यता प्रदान की। भक्ति गीतों और चालीसा पाठ के बीच श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए, वहीं कई भक्त ध्यान और आराधना में लीन दिखाई दिए। आयोजन के माध्यम से न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ, बल्कि समाज में सेवा, समर्पण और एकता का संदेश भी प्रसारित किया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने एक साथ हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया।
भक्ति संगीत और चालीसा पाठ ने कार्यक्रम को और अधिक दिव्य बना दिया। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सोसाइटी के अध्यक्ष टीनू सचदेवा, महिला विंग अध्यक्ष मंजू शर्मा सहित रौनक खंडेलवाल, दयाल पोपटनी, अखिलेश पुरवार, लव सचदेवा एवं अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सेवा भाव, एकता और रक्तदान जैसे पुनीत कार्यों के प्रति जागरूकता फैलाना भी है। उन्होंने बताया कि आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूर्व में ही पूरी कर ली गई थीं और जिलेवासियों से किए गए आह्वान का सकारात्मक प्रतिसाद मिला। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान जी से सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। आयोजन की सफलता पर सोसाइटी ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed