जनगणना 2027: जिला स्तरीय फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित*
मोहम्मद शाकिब खान मुख्य संवाददाता गौरेला
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 24 मार्च 2026/ भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की तैयारियों के तहत जिला स्तरीय फील्ड ट्रेनर्स का 23 से 25 मार्च तक तीन दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है। एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना गौरेला के सभा कक्ष में आयोजित प्रशिक्षण के दूसरे दिन कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने जनगणना में संलग्न सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनगणना के कार्यों को पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ समय सीमा में पूर्ण करना है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के कार्य को सुव्यवस्थित एवं त्रुटिरहित रूप से संपन्न कराना है।
प्रशिक्षण के दौरान जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री अनिल कुमार वर्मा एवं श्री अंबुज कुमार मिश्रा और जनगणना निदेशालय से श्री धरमराज मीणा के द्वारा जिले के फील्ड ट्रेनरों को जनगणना से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही जनगणना कार्य को निर्धारित समय-सीमा में व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से पूरा करने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में सम्मिलित फील्ड ट्रेनर्स आगे चलकर अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे, जिससे जनगणना का कार्य जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुँच सके। प्रशिक्षण में एसडीएम मरवाही देवेंद्र सिरमौर एवं एसडीएम पेंड्रारोड विक्रांत अंचल भी उपस्थित थे।