जमीन बेचने के नाम पर 24.52 लाख की ठगी, ढीमरखेड़ा पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा,दो अब भी फरार

0

जमीन बेचने के नाम पर 24.52 लाख की ठगी, ढीमरखेड़ा पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा,दो अब भी फरार
कटनी।। जमीन विक्रय के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह पर ढीमरखेड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में आपराधिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। मामले में फरियादी रणजीत पटेल, निवासी ग्राम बरेली ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी दिलीप दुबे, मनीष पांडे, मुकुंदी पटेल एवं मुकेश पटेल ने मिलकर महर्षि महेश योगी संस्थान की जमीन बेचने का झांसा देकर उससे 24 लाख 52 हजार रुपये की ठगी की।
शिकायत के आधार पर थाना ढीमरखेड़ा में अपराध क्रमांक 63/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान सामने आया कि आरोपी मुकेश पटेल ने एस.आर.एम. फाउंडेशन ऑफ इंडिया के नाम से फर्जी बैंक खाता खुलवाया था, जिसके माध्यम से ठगी की रकम अन्य आरोपियों के खातों में ट्रांसफर की जाती थी। इसके अलावा एक अन्य फर्जी खाता मुकुंदी पटेल के नाम से भी संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मुकुंदी पटेल निवासी हरदुआ कला एवं मुकेश पटेल निवासी जागृति कॉलोनी, एनकेजे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं, आरोपी मनीष पांडे एवं दिलीप दुबे अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed