आजाद चौक में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, इलाके में मचा हड़कंप
आजाद चौक में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, इलाके में मचा हड़कंप
कटनी।। शहर के व्यस्ततम क्षेत्र आजाद चौक में रविवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। मौके पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृत युवक को पिछले एक-दो दिनों से इलाके में बीमार और अस्वस्थ हालत में घूमते हुए देखा गया था। वह काफी कमजोर नजर आ रहा था। रविवार को जब लोगों की नजर उस पर पड़ी तो वह मृत अवस्था में मिला। उसके मुंह से खून निकल रहा था, जिससे मामले को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस फिलहाल मृतक की शिनाख्त करने में जुटी हुई है, ताकि उसके परिजनों को सूचना दी जा सके। आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। थाना प्रभारी के अनुसार, युवक की मौत बीमारी, हादसे या किसी अन्य वजह से हुई है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।