डायल-112 को और तेज-तर्रार बनाने एक्शन प्लान, पायलटों को सख्त निर्देश,SP कटनी ने डायल-112 टीम को दी नई दिशा
डायल-112 को और तेज-तर्रार बनाने एक्शन प्लान, पायलटों को सख्त निर्देश,SP कटनी ने डायल-112 टीम को दी नई दिशा
कटनी।। जिले में आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कटनी द्वारा शुक्रवार को डायल-112 के तहत संचालित एफआरव्ही वाहनों के चालकों पायलटों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलेभर में संचालित 22 एफआरव्ही वाहनों के चालकों की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा करते हुए उन्हें त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी इवेंट की सूचना मिलते ही न्यूनतम समय में मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि डायल-112 सेवा आमजन के विश्वास से जुड़ी है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में वाहनों के रख-रखाव पर विशेष जोर देते हुए कहा गया कि सभी एफआरव्ही वाहन निर्धारित रूट पर नियमित पेट्रोलिंग करें तथा उनमें लगे एमडीटी, जीपीएस सिस्टम और डैश-कैम जैसे उपकरण हमेशा सक्रिय स्थिति में रहें, जिससे निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
भ्रष्टाचार को लेकर भी पुलिस अधीक्षक ने कड़ा रुख अपनाते हुए साफ कहा कि अवैध वसूली या रिश्वत जैसी शिकायत मिलने पर संबंधित चालक के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान चालकों ने वेतन विसंगति और ड्यूटी समय जैसी अपनी समस्याएं भी रखीं, जिन पर पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और समाधान का आश्वासन दिया। इस समीक्षा बैठक के माध्यम से पुलिस विभाग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि डायल-112 सेवा को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।