छात्र हित में NSUI की बड़ी जीत, अतिरिक्त फीस वसूली पर लगी रोक,जनसुनवाई में गूंजा छात्रों का मुद्दा जहाँ न सुनवाई, वहाँ NSUI नारे को मिला ज़मीनी परिणाम

0

छात्र हित में NSUI की बड़ी जीत, अतिरिक्त फीस वसूली पर लगी रोक,जनसुनवाई में गूंजा छात्रों का मुद्दा
जहाँ न सुनवाई, वहाँ NSUI नारे को मिला ज़मीनी परिणाम
कटनी/विजयराघवगढ़।। विजयराघवगढ़ स्थित द्वारका प्रसाद आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज में छात्रों से कथित रूप से एक हजार रुपये की अतिरिक्त फीस वसूले जाने का मामला सामने आने के बाद छात्र हित में बड़ी कार्रवाई हुई है। इस मुद्दे को लेकर एनएसयूआई के प्रदेश सचिव अजय खटीक ने पीड़ित छात्र-छात्राओं के साथ कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर के समक्ष मामला गंभीरता से रखा गया, जिस पर प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित लीडिंग कॉलेज के प्राचार्य को मौके पर तलब किया और समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। प्रशासन की सख्ती के बाद कॉलेज प्रबंधन ने अतिरिक्त फीस वसूली पर तत्काल रोक लगा दी। इतना ही नहीं, जिन छात्रों के परीक्षा फार्म अतिरिक्त शुल्क के कारण लंबित थे, उन्हें भी बिना किसी बाधा के फार्म भरने की अनुमति दे दी गई। इस फैसले से सैकड़ों छात्रों को बड़ी राहत मिली है।
एनएसयूआई नेता अजय खटीक ने कहा कि संगठन हमेशा छात्र हितों के लिए तत्पर है और किसी भी प्रकार के शोषण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में भी छात्रों के साथ अन्याय होता है, तो एनएसयूआई इसी तरह मजबूती से आवाज उठाती रहेगी। इस निर्णय के बाद प्रभावित छात्र-छात्राओं में खुशी का माहौल है। उन्होंने प्रशासन और एनएसयूआई का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर हस्तक्षेप नहीं होता तो उन्हें आर्थिक बोझ उठाना पड़ता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *