सोने के सौदे में बड़ा फर्जीवाड़ा, कटनी कनेक्शन के साथ गिरोह बेनकाब, क्राइम ब्रांच ने अंतरराज्यीय ठगों को पकड़ा सवा करोड़ की ठगी का खुलासा
सोने के सौदे में बड़ा फर्जीवाड़ा, कटनी कनेक्शन के साथ गिरोह बेनकाब, क्राइम ब्रांच ने अंतरराज्यीय ठगों को पकड़ा सवा करोड़ की ठगी का खुलासा
कटनी/जबलपुर। असली सोना दिखाकर नकली सोना देकर लोगों से बड़ी ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। जबलपुर पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह ने कटनी में भी वारदात को अंजाम दिया था। कटनी बस स्टैंड क्षेत्र में आरोपियों ने 12 लाख रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से करीब 7 किलोग्राम नकली सोना देकर लोगों को ठगा। इसके अलावा नई बस्ती आदर्श कॉलोनी निवासी एक निजी चिकित्सक को भी करीब 25 लाख रुपए का चूना लगाया गया। आरोपियों ने खिरहनी ओवर ब्रिज के पास असली सोने की गिन्नियां दिखाकर नकली गिन्नियां थमा दी थीं।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी गड़ा धन मिलने का झांसा देकर लोगों को जाल में फंसाते थे। पहले असली सोना दिखाकर भरोसा जीतते और फिर सौदे के वक्त नकली सोना थमा देते थे। इस तरह गिरोह ने अलग-अलग मामलों में करीब डेढ़ करोड़ रुपए की ठगी की है।

क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 1 करोड़ 55 लाख रुपए नकद, 84 ग्राम असली सोने की गिन्नियां, लगभग 20 किलोग्राम नकली सोना तथा 11 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। आरोपियों की पहचान पन्नालाल राजोर (70), धर्मेंद्र (34), वीरेंद्र (30) और रामाची (2) के रूप में हुई है, जो हरियाणा के फरीदाबाद जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी पनागर क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर ठगी का नेटवर्क चला रहे थे और यहीं से नकदी व सामान बरामद किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर झांसी में दबिश देकर सभी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा ने बताया कि मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। वहीं, कटनी के निजी चिकित्सक को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है।