विस्फोटक इकाइयों पर प्रशासन की पैनी नजर, सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं:-कलेक्टर तिवारी लाइसेंस, भंडारण और सुरक्षा इंतजामों की हुई सघन जांच, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के संकेत

0

विस्फोटक इकाइयों पर प्रशासन की पैनी नजर, सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं:-कलेक्टर तिवारी
लाइसेंस, भंडारण और सुरक्षा इंतजामों की हुई सघन जांच, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के संकेत
कटनी।।  जिले में नागरिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने विस्फोटक पदार्थों के निर्माण, भंडारण और उपयोग से जुड़ी इकाइयों पर व्यापक निगरानी अभियान शुरू किया है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर जिलेभर में संचालित पटाखा फैक्ट्रियों, विस्फोटक मैगजीनों तथा अमोनियम नाइट्रेट फैक्ट्रियों एवं स्टोर हाउसों का संयुक्त जांच दलों द्वारा गहन निरीक्षण और भौतिक सत्यापन किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जवाबदेह और सतर्क पहल माना जा रहा है।
कलेक्टर श्री तिवारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विस्फोटक पदार्थों से संबंधित सभी इकाइयों में शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों, लाइसेंस शर्तों एवं विस्फोटक अधिनियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर नियमों की अनदेखी, लापरवाही या सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के तहत गठित संयुक्त जांच दलों ने प्रत्येक लाइसेंसधारी इकाई का भौतिक सत्यापन कर वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट तैयार की। जांच के दौरान लाइसेंसधारियों के नाम, लाइसेंस जारी करने वाली संस्था, लाइसेंस की वैधता अवधि एवं निर्धारित शर्तों के अनुपालन की विस्तार से जांच की गई। इसके साथ ही विस्फोटक पदार्थों के निर्माण एवं भंडारण स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी बारीकी से पड़ताल की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने फैक्ट्रियों और स्टोर हाउसों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, फायर एक्सटिंग्विशर, सैंड बकेट, आपातकालीन निकास मार्ग, चेतावनी संकेतक बोर्ड तथा कर्मचारियों को दिए जाने वाले सुरक्षा प्रशिक्षण की स्थिति का भी परीक्षण किया। अनुज्ञप्तिधारियों द्वारा संधारित अभिलेखों के आधार पर विस्फोटक सामग्री के क्रय-विक्रय एवं भंडारण का भौतिक सत्यापन भी किया गया।
इस विशेष अभियान में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, विस्फोटक विभाग, राजस्व विभाग, नगरीय निकाय एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से शामिल रहे। अधिकारियों ने संचालकों को निर्देश दिए कि सभी सुरक्षा उपकरण हमेशा क्रियाशील स्थिति में रखें जाएं, अभिलेख नियमित रूप से अद्यतन किए जाएं और सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने कहा कि नागरिक सुरक्षा सर्वोपरि है और जिला प्रशासन इसके प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सुरक्षा नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच प्रतिवेदन के आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन की इस सक्रिय और जवाबदेह कार्रवाई से जिले में संचालित विस्फोटक इकाइयों के बीच स्पष्ट संदेश गया है कि सुरक्षा मानकों के पालन में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रशासन की यह पहल न केवल संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि नागरिक सुरक्षा के प्रति प्रशासन की गंभीरता और संवेदनशील कार्यशैली को भी दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed