80 माध्यमिक शिक्षकों को बड़ी राहत, परिवीक्षा अवधि समाप्त होने पर जारी हुए संविलयन आदेश

0
शहडोल। संभाग के शिक्षा विभाग में कार्यरत 80 पात्रताधारी माध्यमिक शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। संयुक्त संचालक लोक शिक्षण शहडोल द्वारा इन शिक्षकों की परिवीक्षा अवधि समाप्त करते हुए संविलयन आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसके साथ ही वर्ष 2021 से 2023 के बीच नियुक्त हुए उन शिक्षकों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार समाप्त हो गया है, जिन्होंने अपनी तीन वर्ष की सेवा अवधि सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली थी।
मध्य प्रदेश शिक्षक संघ शहडोल के अध्यक्ष लालजी तिवारी ने बताया कि संयुक्त संचालक लोक शिक्षण उमेश कुमार धुर्वे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया। उनकी पहल से निर्धारित समयावधि में सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर संविलयन आदेश जारी किए गए, जिससे पात्र शिक्षकों को उनका वैधानिक लाभ प्राप्त हो सका।
संविलयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से संयुक्त संचालक ने शहडोल संभाग के तीनों जिलों शहडोल, उमरिया और अनूपपुर के जिला शिक्षा अधिकारियों से लिखित प्रमाण-पत्र भी मांगा है। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी पात्र लोकसेवक संविलयन प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।
मध्य प्रदेश शिक्षक संघ ने संयुक्त संचालक के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे शिक्षकों के हित में उठाया गया सकारात्मक और संवेदनशील कदम बताया है। संघ के अनुसार संविलयन आदेश मिलने से शिक्षकों का मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक उत्साह एवं समर्पण के साथ शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने में अपनी भूमिका निभाएंगे।
संविलयन आदेश से लाभान्वित 80 शिक्षकों ने भी संयुक्त संचालक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित प्रक्रिया पूरी होने से उन्हें प्रशासन के प्रति विश्वास और कार्य के प्रति नई ऊर्जा मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *