परेड मैदान से देश की सरहद तक:-तिलक कॉलेज के 9 एनसीसी कैडेट बने अग्निवीर, जिले ने रचा गौरव का नया अध्याय,देशसेवा का सपना हुआ साकार छात्र अब संभालेंगे भारत की सीमाएं

0

परेड मैदान से देश की सरहद तक:-तिलक कॉलेज के 9 एनसीसी कैडेट बने अग्निवीर, जिले ने रचा गौरव का नया अध्याय,देशसेवा का सपना हुआ साकार छात्र अब संभालेंगे भारत की सीमाएं
कटनी।। शासकीय तिलक महाविद्यालय के लिए गुरुवार का दिन गौरव, सम्मान और प्रेरणा का संदेश लेकर आया, जब महाविद्यालय के 9 होनहार एनसीसी कैडेट्स ने भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि कटनी की युवा शक्ति, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना का प्रतीक बनकर सामने आई है।
कलेक्ट्रेट में आयोजित मुलाकात के दौरान कलेक्ट आशीष तिवारी ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना में चयनित होकर इन युवाओं ने पूरे जिले को गौरवान्वित किया है और अब वे देश की सीमाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
इस सफलता के पीछे विद्यार्थियों का कठिन परिश्रम, एनसीसी प्रशिक्षण का अनुशासन और देशसेवा का दृढ़ संकल्प रहा। परेड मैदान से लेकर चयन प्रक्रिया तक का सफर इन युवाओं ने मेहनत और समर्पण से तय किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार वाजपेई एवं एनसीसी अधिकारी मेजर सरदार दिवाकर ने इसे महाविद्यालय के इतिहास में गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। चयनित छात्रों में कटनी जिले के 8 एवं उमरिया जिले के 1 छात्र शामिल हैं, जिन्होंने अग्निवीर भर्ती के विभिन्न चरण सफलतापूर्वक पार किए। चयनित अभ्यर्थी 26 जून 2026 तक प्रशिक्षण के लिए रवाना होंगे।
ये हुये चयनित
नीरज सोनी (ग्राम पड़खुड़ी), तेजबहादुर कुशवाहा (ग्राम हरदुआ बिचुआ), सुनील कुमार गड़ारी (ग्राम पड़रिया एनकेजे), अतुल कुमार (ग्राम पड़खुड़ी), दीपक प्रकाश पटेल (ग्राम परसवारा), आदिल अली (ग्राम सिंघनपुरी), मयंक कुमार (ग्राम खम्हरिया) एवं अनुज कुमार (ग्राम खम्हरिया) शामिल हैं। जबकि 1 छात्र सतीश साहू (ग्राम चांदपुर) उमरिया जिले से हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed