सांझी रसोई के सेवा कार्यों से प्रभावित हुए क्षेत्रीय संचालक, 15.5 लाख लोगों को भोजन उपलब्ध कराने की सराहना
शहडोल। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय सांझी रसोई के सेवा कार्यों की क्षेत्रीय संचालक, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, रीवा एवं शहडोल संभाग डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह परिहार ने मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने संस्था के सेवादारों के समर्पण, अनुशासन और निस्वार्थ सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे डॉ. परिहार सांझी रसोई पहुंचे, जहां उन्होंने संस्था द्वारा संचालित विभिन्न सेवा प्रकल्पों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें संस्था की गतिविधियों और अब तक किए गए जनकल्याणकारी कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने विशेष रूप से इस उपलब्धि की सराहना की कि सांझी रसोई अब तक 15.5 लाख से अधिक जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध करा चुकी है।
निरीक्षण के दौरान डॉ. परिहार ने कहा कि समाज के वंचित, असहाय और जरूरतमंद लोगों के लिए निस्वार्थ भाव से किया जा रहा यह सेवा कार्य अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास न केवल जरूरतमंदों की मदद करते हैं, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने संस्था के सभी सेवादारों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ जनसेवा जारी रखने की शुभकामनाएं दीं।
सांझी रसोई परिवार ने क्षेत्रीय संचालक के आगमन को अपने लिए सम्मान और प्रेरणा का अवसर बताया। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन और प्रोत्साहन सेवादारों के मनोबल को बढ़ाता है तथा समाजहित में किए जा रहे कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने की प्रेरणा देता है।
सांझी रसोई लंबे समय से जरूरतमंद मरीजों, उनके परिजनों और अन्य जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक सेवा गतिविधियों के माध्यम से जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। संस्था का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना है और इसी संकल्प के साथ उसके सेवादार लगातार मानवीय सेवा के कार्यों में जुटे हुए हैं।