नगर निगम में अब ऑनलाइन होगा नामांतरण, नागरिकों को मिलेगी बड़ी राहत
नगर निगम में अब ऑनलाइन होगा नामांतरण, नागरिकों को मिलेगी बड़ी राहत
कटनी।। नगर पालिक निगम जल्द ही भवनों एवं निगम स्वामित्व की दुकानों के नामांतरण की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन करने जा रहा है। निगमायुक्त तपस्या परिहार की पहल पर नागरिक सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से इस नई डिजिटल व्यवस्था की तैयारी शुरू कर दी गई है।
समय-सीमा बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद निगम के एम.आई.सी. कक्ष में राजस्व शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ऑनलाइन नामांतरण प्रक्रिया का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में आवेदन पंजीयन, आवश्यक दस्तावेज अपलोड, एनओसी, सार्वजनिक सूचना, मौका निरीक्षण रिपोर्ट तथा ऑनलाइन परीक्षण की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों को शीघ्र ही व्यावहारिक प्रशिक्षण का दूसरा चरण भी दिया जाएगा।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद नागरिकों को नामांतरण के लिए बार-बार नगर निगम कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। आवेदन से लेकर दस्तावेज अपलोड, एनओसी, निरीक्षण, अनुमोदन और अंतिम आदेश तक की संपूर्ण प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। आवेदक घर बैठे अपने आवेदन की स्थिति देख सकेंगे और यह भी जान पाएंगे कि उनका प्रकरण किस अधिकारी के पास लंबित है। ऑनलाइन पोर्टल में प्रत्येक प्रकरण की चरणबद्ध मॉनिटरिंग होगी। यदि कोई मामला निर्धारित समय-सीमा से अधिक लंबित रहता है तो सिस्टम स्वतः संबंधित अधिकारी को रेड फ्लैग जारी करेगा और विलंब का कारण दर्ज करना अनिवार्य होगा। दस्तावेजों में किसी प्रकार की कमी होने पर आवेदक को एसएमएस और पोर्टल के माध्यम से तत्काल सूचना भी भेजी जाएगी। निगमायुक्त तपस्या परिहार ने कहा कि तकनीक आधारित यह व्यवस्था नागरिकों को पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे अनावश्यक हस्तक्षेप कम होगा, नामांतरण प्रक्रिया में तेजी आएगी और समय पर शुल्क प्राप्त होने से नगर निगम के राजस्व में भी वृद्धि होगी, जिसका उपयोग शहर के विकास कार्यों में किया जाएगा।