श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की CBI जांच की मांग तेज, महिला कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन ट्रस्ट को RTI के दायरे में लाने की भी उठाई मांग, कहा निष्पक्ष जांच से ही सामने आएगा पूरा सच
श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की CBI जांच की मांग तेज, महिला कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
ट्रस्ट को RTI के दायरे में लाने की भी उठाई मांग, कहा निष्पक्ष जांच से ही सामने आएगा पूरा सच
कटनी। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई दान राशि में कथित अनियमितताओं और चोरी के मामले को लेकर महिला कांग्रेस ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महिला कांग्रेस मध्यप्रदेश की प्रदेश महासचिव सौम्या राँधेलिया के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कटनी सिटी सीएसपी को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की CBI से निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग की। ज्ञापन प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, CBI निदेशक, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा उत्तर प्रदेश एवं मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशकों के नाम प्रेषित किया गया।
महिला कांग्रेस ने ज्ञापन में कहा कि श्रीराम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और चढ़ावे की राशि में कथित गड़बड़ी एवं चोरी की घटनाओं ने देशभर के लोगों के विश्वास को झटका पहुंचाया है। ऐसे संवेदनशील मामले की जांच किसी स्वतंत्र केंद्रीय एजेंसी से कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आए और दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि मंदिर के दान-पात्र, लेखा-जोखा, सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए तथा वैज्ञानिक तरीके से जांच कराई जाए। साथ ही मंदिर ट्रस्ट के वित्तीय प्रबंधन और दान राशि के उपयोग में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ट्रस्ट को सूचना का अधिकार (RTI) के दायरे में लाने की मांग भी उठाई गई।
महिला कांग्रेस ने यह भी कहा कि वर्तमान में सरकार द्वारा एसआईटी गठित कर कुछ लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए हैं, लेकिन अब तक कथित चोरी के मास्टरमाइंड का खुलासा नहीं हो सका है। संगठन ने आरोप लगाया कि मामले के मुख्य आरोपियों तक जांच नहीं पहुंची है, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रदेश महासचिव सौम्या राँधेलिया ने कहा कि महिला कांग्रेस का उद्देश्य किसी निर्दोष व्यक्ति पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच के माध्यम से सत्य को सामने लाना है। यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि देशभर में महिला कांग्रेस इस मामले में CBI जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है, ताकि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास सुरक्षित रह सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान महिला कांग्रेस की मीनाक्षी वल्लवी, हेमा शर्मा, माया चौधरी, नीरा सोनी, मनीषा सिंह एवं सौम्या परमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। श्रीराम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। एक ओर जांच एजेंसियां अपनी कार्रवाई कर रही हैं, वहीं विपक्ष इस मामले की स्वतंत्र जांच की मांग को लेकर मुखर है।