लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में 1.13 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन महापौर प्रीति सूरी ने वरिष्ठ महिला के करकमलों से कराया शुभारंभ, सड़क-नाली के साथ विद्युत व्यवस्था भी होगी सुदृढ़

0

लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में 1.13 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन
महापौर प्रीति सूरी ने वरिष्ठ महिला के करकमलों से कराया शुभारंभ, सड़क-नाली के साथ विद्युत व्यवस्था भी होगी सुदृढ़
कटनी।। नगर पालिक निगम द्वारा शहर के समग्र विकास अभियान के तहत लाल बहादुर शास्त्री वार्ड क्रमांक-3 में करीब 1 करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती सरला संतोष मिश्रा एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में वार्ड की वरिष्ठ महिला शकुन बर्मन के करकमलों से भूमिपूजन कर विकास कार्यों का शुभारंभ कराया।
भूमिपूजन समारोह में वार्डवासियों की लंबे समय से चली आ रही मूलभूत सुविधाओं की मांगों को ध्यान में रखते हुए सड़क, नाली और विद्युत अधोसंरचना को मजबूत करने वाले कार्यों की शुरुआत की गई। नागरिकों ने इन विकास कार्यों के लिए महापौर एवं नगर निगम का आभार व्यक्त किया।
नगर निगम के अनुसार 32.57 लाख रुपये की लागत से शासकीय स्कूल पहरुआ से लेकर सुभाष तिवारी के मकान और शंकर दुबे के मकान तक आरसीसी नाली का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा 14.68 लाख रुपये की लागत से नंदन कानन गार्डन के समीप आरसीसी सड़क बनाई जाएगी, जबकि 5.87 लाख रुपये की लागत से गहोई कॉलोनी में नीरज रजक के घर से सीसी नाली निर्माण कराया जाएगा।
वार्ड में विद्युत व्यवस्था को भी मजबूत बनाने के लिए लगभग 60 लाख रुपये की लागत से 3 नए ट्रांसफार्मर और 74 विद्युत पोल स्थापित किए जाएंगे। यह कार्य पन्नी कॉलोनी, कुठला, पहरुआ सहित वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि नगर निगम शहर के प्रत्येक वार्ड में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, नाली और विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य, उपयंत्री मोना करिरा, ठेकेदार अरुण चक्रवर्ती, समाजसेवी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। करीब 1.13 करोड़ रुपये के इन विकास कार्यों से लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। सड़क, नाली और विद्युत व्यवस्था में सुधार से क्षेत्रवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिलेंगी तथा वार्ड के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed