सतर्क पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टली संभावित बड़ी वारदात सूचना मिलते ही CSP नेहा पच्चीसीया ने संभाला मोर्चा, 100 से अधिक डेरों पर देर रात दबिश फर्जी दस्तावेज, बिना नंबर के वाहन बरामद
सतर्क पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टली संभावित बड़ी वारदात
सूचना मिलते ही CSP नेहा पच्चीसीया ने संभाला मोर्चा, 100 से अधिक डेरों पर देर रात दबिश फर्जी दस्तावेज, बिना नंबर के वाहन बरामद
कटनी। शहर में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस ने शनिवार देर रात एक बड़ी और महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए संभावित आपराधिक घटना को समय रहते विफल करने की दिशा में निर्णायक कदम उठाया। नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसीया को मिली गोपनीय सूचना के बाद उन्होंने बिना देर किए स्वयं मोर्चा संभाला और भारी पुलिस बल के साथ रबर फैक्ट्री क्षेत्र में 100 से अधिक डेरों पर एक साथ सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक पूछताछ में डेरा डाले लोगों ने स्वयं को बिलासपुर से ट्रेन द्वारा आया हुआ बताते हुए बिहार समस्तीपुर जाने की बात कही, लेकिन मौके पर बड़ी संख्या में मोटरसाइकिलें और साइकिलें मिलने से पुलिस को उनके दावों पर संदेह हुआ। इसी आधार पर तलाशी अभियान और तेज किया गया। तलाशी के दौरान कई संदिग्धों के पास से फर्जी आधार कार्ड, बिना नंबर अथवा संदिग्ध मोटरसाइकिलें, नुकीले चाकू तथा अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने सभी सामान और वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। दस्तावेजों और वाहनों की वैधता की भी गहन जांच की जा रही है।
नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसीया ने बताया कि प्रथम दृष्टया कई तथ्य संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं। बरामद दस्तावेजों और वाहनों की जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस किसी भी संभावित आपराधिक गतिविधि को लेकर पूरी तरह सतर्क है और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस पूरी कार्रवाई में सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह रहा कि सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसीया ने स्वयं मौके पर पहुंचकर अभियान का नेतृत्व किया। उनकी सक्रियता, त्वरित निर्णय क्षमता और पुलिस टीम की सजगता के कारण संभावित बड़ी वारदात होने से पहले ही संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सका।
देर रात तक चले इस सघन अभियान के दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ भी मौके पर जुटी रही। फिलहाल पुलिस सभी संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उनका वास्तविक उद्देश्य क्या था तथा उनका किसी आपराधिक गिरोह या अन्य घटनाओं से कोई संबंध तो नहीं है।