बरसी अमृत-सी फुहार, गूंजा जय जगन्नाथ का उद्घोष जय जगन्नाथ के गगनभेदी जयघोष से गूंजा कटनी, 1100 दीपों की दिव्य महाआरती के बीच भक्तों के बीच रथ पर विराजे प्रभु 144वें श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव में उमड़ा आस्था का अथाह सागर, बारिश भी नहीं डिगा सकी श्रद्धालुओं की भक्ति
बरसी अमृत-सी फुहार, गूंजा जय जगन्नाथ का उद्घोष
जय जगन्नाथ के गगनभेदी जयघोष से गूंजा कटनी, 1100 दीपों की दिव्य महाआरती के बीच भक्तों के बीच रथ पर विराजे प्रभु
144वें श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव में उमड़ा आस्था का अथाह सागर, बारिश भी नहीं डिगा सकी श्रद्धालुओं की भक्ति

कटनी।। धर्म, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम गुरुवार को कटनी में देखने को मिला, जब भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी की 144वीं भव्य रथयात्रा हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में पूरे श्रद्धाभाव और उल्लास के साथ निकाली गई। हल्की बारिश की फुहारों के बीच भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा सुसज्जित रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए निकले तो पूरा शहर “जय जगन्नाथ” के जयघोष से गूंज उठा।
रथयात्रा से पूर्व भगवान का 1100 दीपों से भव्य महाआरती कर विशेष श्रृंगार एवं प्रसाद अर्पित किया गया। सरावगी परिवार द्वारा भगवान को नवीन पोशाक समर्पित की गई तथा विधि-विधान से पूजन-अर्चन संपन्न हुआ। महाआरती के दिव्य दृश्य ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
रथयात्रा जगन्नाथ चौक स्थित श्री जगदीश स्वामी मंदिर से प्रारंभ होकर आजाद चौक, शेर चौक, सुक्खन चौक, झंडा बाजार, सुभाष चौक सहित विभिन्न मार्गों से होती हुई सब्जी मंडी स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर पहुँची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और जगह-जगह आरती व प्रसाद वितरण किया। हजारों भक्तों ने रथ के दर्शन कर प्रभु के समक्ष शीश नवाया।
इस वर्ष की रथयात्रा का विशेष आकर्षण छत्तीसगढ़ का आदिवासी लोक नृत्य, केरल का भक्ति बैंड तथा दिल्ली इस्कॉन की भजन मंडली रही। भक्ति संगीत, पारंपरिक वाद्ययंत्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
रथयात्रा के दौरान बागेश्वर धाम शिष्य मंडल द्वारा आजाद चौक में भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य महाआरती की गई। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में आरती में भाग लेकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसी अवसर पर बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भी विशेष धार्मिक आयोजन किए गए।
महोत्सव के आयोजन में श्री जगदीश स्वामी मंदिर समिति एवं श्री संक्रांति सेवा समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मिलन ग्रुप, शिव शक्ति महिला मंडल, बजरंग बाल रामायण समाज परिवार, यूथ कटनी, नारी शक्ति तथा श्री काल भैरव समिति सहित अनेक सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। रथयात्रा में महापौर प्रीति संजीव सूरी, विधायक संदीप जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी तथा शहर के हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

27 जुलाई तक जारी रहेगा धार्मिक महोत्सव
श्री जगन्नाथ महोत्सव के अंतर्गत भगवान श्री जगन्नाथ 17 से 22 जुलाई तक श्री राधाकृष्ण मंदिर में विश्राम करेंगे। 23 जुलाई को माता जानकी की शोभायात्रा, 24 से 26 जुलाई तक प्रतिदिन भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। 27 जुलाई को हवन-पूजन, ब्राह्मण एवं कन्या भोज तथा विशाल महाभंडारे के साथ महोत्सव का समापन होगा।ऐतिहासिक रथयात्रा ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि भगवान श्री जगन्नाथ के प्रति शहरवासियों की आस्था आज भी उतनी ही अटूट और जीवंत है। बारिश की बूंदों के बीच उमड़ा श्रद्धा का सैलाब इस धार्मिक महोत्सव को वर्षों तक यादगार बनाए रखेगा।