अमराडंडी में बेखौफ जुए की फड़! नए एसपी को खुली चुनौती, दो गुटों में वर्चस्व की जंग से मचा बवाल

0
(शुभम तिवारी)
शहडोल। अमलाई थाना क्षेत्र के ग्राम अमराडंडी में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर जुए की फड़ संचालित होने की चर्चाएं लगातार सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय दो पुराने फड़ संचालक एक बार फिर बेखौफ होकर जुए का कारोबार चला रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व पुलिस अधीक्षक के स्थानांतरण के बाद इन लोगों के हौसले और बुलंद हो गए हैं तथा वे नए पुलिस कप्तान को भी खुली चुनौती देते हुए अपने अवैध कारोबार को जारी रखे हुए हैं।
सूत्रों के अनुसार, करीब दो दिन पहले अमराडंडी क्षेत्र में जुए की फड़ के वर्चस्व को लेकर दोनों गुटों के बीच तीखा विवाद भी हुआ। बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। हालांकि मामले की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय स्तर पर इस घटना की चर्चा जोरों पर है।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि फड़ संचालक खुलेआम यह दावा करते घूम रहे हैं कि उनकी स्थानीय पुलिस से “सेटिंग” है, इसलिए उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी। यदि इन दावों में सच्चाई है तो यह कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि जुए के कारण युवाओं में गलत प्रवृत्तियां बढ़ रही हैं और कई परिवार आर्थिक एवं सामाजिक संकट का सामना कर रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है।
अब लोगों की निगाहें जिले के नए पुलिस अधीक्षक पर टिकी हुई हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि अमराडंडी में संचालित कथित जुए की फड़ों पर सख्त कार्रवाई की जाती है तो इससे अवैध कारोबार पर अंकुश लगेगा और पुलिस के प्रति जनता का विश्वास भी मजबूत होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!