त्योहार की मिठास में मिलावट का जहर न घुले, जागरूक रहें उपभोक्ता रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन अभियान, मिठाई से लेकर दूध-खोया तक लिए जा रहे नमूने

0

त्योहार की मिठास में मिलावट का जहर न घुले, जागरूक रहें उपभोक्ता
रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन अभियान, मिठाई से लेकर दूध-खोया तक लिए जा रहे नमूने


कटनी।। रक्षाबंधन जैसे त्योहारों की खुशियां मिठास से जुड़ी होती हैं, लेकिन यही मौसम मिलावटखोरों के लिए भी मुनाफे का अवसर बन जाता है। त्योहार से पहले बाजार में बढ़ती मिठाइयों, खोया, दूध, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में सघन जांच अभियान शुरू किया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशन में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य केवल मिलावटखोरों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि आम उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना भी है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम कटनी शहर के साथ माधवनगर, बरही और ढीमरखेड़ा जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में भी खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही है। विभिन्न दुकानों और प्रतिष्ठानों से मिठाई, खोया, दूध एवं दुग्ध उत्पादों सहित अन्य खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है।

मिठाई खरीदते समय सिर्फ स्वाद नहीं, गुणवत्ता भी देखें
त्योहारी खरीदारी के दौरान उपभोक्ताओं को भी सतर्क रहने की जरूरत है। आकर्षक रंग, अत्यधिक चमक, असामान्य रूप से कम कीमत या लंबे समय तक खराब न होने वाली मिठाइयां हमेशा बेहतर गुणवत्ता की निशानी नहीं होतीं। मिठाई खरीदते समय प्रतिष्ठित एवं स्वच्छ प्रतिष्ठान को प्राथमिकता देना, खुले में रखी खाद्य सामग्री से बचना और संभव हो तो बिल लेना उपभोक्ताओं के हित में रहेगा।
विशेष रूप से खोया, पनीर, दूध, घी और दूध से बनी मिठाइयों की खरीद में अतिरिक्त सावधानी जरूरी है, क्योंकि इन उत्पादों की मांग त्योहारों के दौरान तेजी से बढ़ जाती है।

कई प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने
अभियान के दौरान सिद्धि विनायक स्वीट्स, बरही से मगज लड्डू और मिल्क केक, साक्षी स्वीट्स माधवनगर से काजू कतली, कलाकंद और खोया तथा बॉम्बे स्वीट्स माधवनगर से काजू कतली, कलाकंद और खोया के नमूने लिए गए। कटनी की खोवा मंडी स्थित महावीर खोवा भंडार और मुन्ना खोवा भंडार से खोया, मिल्क केक, घी, कलाकंद और पनीर के नमूने लिए गए। वहीं गुप्ता खोया भंडार से घी, खोया और पनीर तथा महावीर दूध भंडार से घी, कुंदा पेड़ा और नारियल बर्फी के नमूने भी संग्रहित किए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी जांच का दायरा बढ़ाते हुए बरही के सिद्धिविनायक होटल तथा ढीमरखेड़ा क्षेत्र से विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय गुप्ता और ओपी साहू के अनुसार सभी नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट में यदि किसी खाद्य पदार्थ में निर्धारित गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान संचालक के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मिलावट के खिलाफ विभाग के साथ उपभोक्ता भी बनें प्रहरी
मिलावट के खिलाफ कार्रवाई तभी प्रभावी होगी, जब प्रशासन के साथ आम नागरिक भी जागरूक रहें। उपभोक्ताओं को संदिग्ध खाद्य सामग्री या अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों के निर्माण-बिक्री की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचना देनी चाहिए। त्योहार की खुशी में मिठास जरूरी है, लेकिन मिठास के साथ शुद्धता और सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है। खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान बाजार में मिलावट पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, वहीं जागरूक उपभोक्ता इस अभियान की सबसे मजबूत कड़ी बन सकते हैं।
==================================

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed