देश भंडार, गोलू रेस्टोरेंट, बीकानेर मिष्ठान भंडार और कोजी स्वीट्स पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई मिठाई, खोया और नमकीन के नमूने लिए, प्रयोगशाला रिपोर्ट के बाद तय होगी गुणवत्ता; अमानक पाए जाने पर होगी वैधानिक कार्रवाई

0

देश भंडार, गोलू रेस्टोरेंट, बीकानेर मिष्ठान भंडार और कोजी स्वीट्स पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई
मिठाई, खोया और नमकीन के नमूने लिए, प्रयोगशाला रिपोर्ट के बाद तय होगी गुणवत्ता; अमानक पाए जाने पर होगी वैधानिक कार्रवाई


कटनी।। त्योहारों के बीच बढ़ती खाद्य खपत और मिलावट की आशंकाओं को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने निगरानी और नमूना कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम लगातार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही है। इसी क्रम में कटनी शहर के देश भंडार, गोलू रेस्टोरेंट, बीकानेर मिष्ठान भंडार और कोजी स्वीट्स का निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।

देश भंडार में छह खाद्य पदार्थों के नमूने
सुभाष चौक स्थित देश भंडार के निरीक्षण के दौरान टीम ने मैगज लड्डू, बूंदी लड्डू, खोया, सेलिब्रेशन पैक, सोनपापड़ी और कलाकंद के नमूने लिए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए इन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

गोलू रेस्टोरेंट से लड्डू, नमकीन और काजू कतली के नमूने
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित गोलू रेस्टोरेंट में भी खाद्य सुरक्षा टीम पहुंची। यहां निरीक्षण के दौरान लड्डू, नमकीन और काजू कतली के नमूने संकलित किए गए। अधिकारियों द्वारा खाद्य पदार्थों के निर्माण, रख-रखाव और गुणवत्ता से जुड़े पहलुओं का भी निरीक्षण किया गया।

बीकानेर मिष्ठान भंडार और कोजी स्वीट्स में भी जांच
दक्षिण मुखी बड़े हनुमान मंदिर के पास में बीकानेर मिष्ठान भंडार से कलाकंद, खोया और खोया पेड़ा के नमूने लिए गए। वहीं स्टेशन रोड क्षेत्र में ही स्थित कोजी स्वीट्स के निरीक्षण के दौरान लड्डू, बूंदी लड्डू और नमकीन के नमूने नियमानुसार संकलित किए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी खाद्य पदार्थ का नमूना लिया जाना अपने आप में उसे मिलावटी या अमानक घोषित करना नहीं है। लिए गए सभी नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट ही यह तय करेगी कि संबंधित खाद्य पदार्थ निर्धारित गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों पर खरा उतरता है या नहीं। यदि जांच में कोई नमूना खाद्य सुरक्षा एवं मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों एवं विनियमों के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारों के दौरान मिठाई, खोया, नमकीन और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग की यह कार्रवाई उपभोक्ताओं के लिए भी महत्वपूर्ण संदेश है कि वे खाद्य पदार्थ खरीदते समय स्वच्छता, गुणवत्ता, पैकेजिंग और प्रतिष्ठान की स्थिति पर ध्यान दें तथा संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना संबंधित विभाग को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed