फार्मर आईडी बनाने में लापरवाही पर 9 पटवारियों को नोटिस, दो दिन में मांगा जवाब कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशों के बावजूद अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर स्लीमनाबाद तहसील में कार्रवाई, जवाब संतोषजनक नहीं होने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी
फार्मर आईडी बनाने में लापरवाही पर 9 पटवारियों को नोटिस, दो दिन में मांगा जवाब
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशों के बावजूद अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर स्लीमनाबाद तहसील में कार्रवाई, जवाब संतोषजनक नहीं होने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी

कटनी।। जिले में किसानों की शत-प्रतिशत फार्मर आईडी तैयार करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच कार्य में लापरवाही बरतने वाले पटवारियों पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा समय-सीमा बैठकों में लगातार फार्मर आईडी बनाने के कार्य में तेजी लाकर शत-प्रतिशत किसानों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए जाने के बावजूद अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर तहसील स्लीमनाबाद के 9 हल्का पटवारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए हैं। संबंधित पटवारियों से दो दिवस के भीतर जवाब मांगा गया है।
तहसीलदार स्लीमनाबाद द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस में उल्लेख किया गया है कि फार्मर आईडी निर्माण को लेकर संबंधित पटवारियों को बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं लाई जा रही है। ‘एग्रीस्टेक पंजीयन, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान’ के तहत 25 अगस्त को आयोजित कैंप में भी संबंधित क्षेत्रों में फार्मर आईडी निर्माण का कार्य शून्य अथवा अपेक्षित स्तर से कम पाया गया। नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में भी संबंधित पटवारियों को कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए जा चुके हैं, इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
इन 9 पटवारियों को जारी हुए नोटिस
स्लीमनाबाद तहसील के अंतर्गत निम्न पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं—
भेड़ा— पटवारी श्रीमती नेहा मिश्रा
मवई एवं चरगवां— पटवारी अनंत गुप्ता
पौनिया एवं सैलारपुर— पटवारी शांतनु गोरे
सरसवाही— पटवारी दिलराज सिंह
पहरूआ— पटवारी महेन्द्र मिश्रा
बंधी एवं धूरी— पटवारी योगेन्द्र सिंह
सलैयाफाटक एवं भूला— पटवारी देवलाल पटेल
कनौजा — पटवारी सुकन्या पाण्डेय
गुदरी — पटवारी किरन सेन
दो दिन में देना होगा जवाब
नोटिस में संबंधित पटवारियों को निर्देशित किया गया है कि वे दो दिवस के भीतर समक्ष में उपस्थित होकर अपना जवाब प्रस्तुत करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में जवाब प्रस्तुत नहीं करने अथवा प्रस्तुत जवाब समाधानकारक नहीं पाए जाने की स्थिति में यह माना जाएगा कि संबंधित कर्मचारी के पक्ष में कोई आधार नहीं है। ऐसी स्थिति में नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की जा सकती है।
तहसीलदार द्वारा जारी नोटिस में फार्मर आईडी निर्माण के कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं लाने को कर्तव्य के प्रति लापरवाही तथा वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना माना गया है। नोटिस में मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3(1) के उपनियम (एक), (दो) एवं (तीन) के उल्लंघन का भी उल्लेख किया गया है। साथ ही मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत वेतन वृद्धि रोकने तथा विभागीय जांच की कार्रवाई प्रस्तावित किए जाने की चेतावनी दी गई है।
शत-प्रतिशत फार्मर आईडी बनाने पर प्रशासन का जोर
फार्मर आईडी निर्माण को लेकर जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने अधिकारियों को अभियान चलाकर जिले के सभी पात्र किसानों की फार्मर आईडी तैयार कराने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अब मैदानी स्तर पर अपेक्षित प्रगति नहीं लाने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई शुरू की गई है। स्लीमनाबाद तहसील में जारी ये नोटिस प्रशासन की उस सख्ती का संकेत हैं, जिसके तहत किसानों से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल पंजीयन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। अब संबंधित पटवारियों के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।