शिक्षक दिवस पर कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने 50 सेवानिवृत्त शिक्षकों का किया सम्मान शाल एवं श्रीफल भेंट कर दीर्घकालीन शैक्षणिक सेवाओं के प्रति व्यक्त की कृतज्ञता
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। 5 सितंबर 2026/ शिक्षक दिवस के अवसर पर स्कूल शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षक सम्मान समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्था (डाइट) पेंड्रा में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने जिले के 50 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। शिक्षकों को उनके दीर्घकालीन, समर्पित एवं उल्लेखनीय शैक्षणिक सेवाओं के लिए सम्मानित करते हुए उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत के महान शिक्षाविद् तथा पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर गुरु-शिष्य परंपरा तथा शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को स्मरण किया गया।
मुख्य अतिथि ने सम्मानित शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “मैं आज जहां भी हूं, अपने शिक्षकों और गुरुजनों के कारण हूं।” उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाले नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार और जीवन मूल्यों को दिशा देने वाले समाज एवं राष्ट्र के भविष्य निर्माता हैं। कलेक्टर ने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षकों ने अपने सेवाकाल में अनेक पीढ़ियों को ज्ञान, अनुशासन एवं संस्कार प्रदान किए हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका अनुभव और जीवन-मूल्य समाज तथा नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे। उन्होंने सभी सम्मानित शिक्षकों के स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय जीवन की कामना की।
जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने स्वागत संबोधन में समारोह में उपस्थित सेवानिवृत्त शिक्षकों का अभिनंदन किया। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों द्वारा दिए गए अमूल्य योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि उनका सेवाकाल जिले की शैक्षणिक प्रगति और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण रहा है।
समारोह के अंत में डाइट की प्राचार्य श्रीमती अल्का शुक्ला ने आभार प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्य अतिथि, जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षकों तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
आज के कार्यक्रम में मुख्य रूप से बीईओ गौरेला उपेंद्र सिंह चौहान, बीईओ पेंड्रा आरएन.चंद्रा, बीईओ मरवाही संजय वर्मा, उल्लास के नोडल अधिकारी द्वय मुकेश कोरी, आलोक शुक्ला, बालमुकुंद अग्रवाल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।