शिक्षक दिवस पर मुस्लिम विकास मंच ने सजाई प्रतिभाओं की महफिल मेधावी विद्यार्थियों से लेकर शिक्षकों, डॉक्टरों, खिलाड़ियों व अधिवक्ताओं तक का सम्मान — कलेक्टर सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने शिक्षा और समाज की तरक्की पर दिया संदेश

0

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही — शिक्षक दिवस के अवसर पर मुस्लिम विकास मंच गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही द्वारा मुस्लिम समाज की प्रतिभाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों के सम्मान में गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिले के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी ने कार्यक्रमबढ़ाई

 

कार्यक्रम के सफल आयोजन से खुश होकर कलेक्टर ने मुस्लिम विकास मंच के अध्यक्ष असद सिद्दीकी को साल पहनाकर दी मुबारकबाद।

 

कार्यक्रम में कलेक्टर विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, डीएफओ कुमार निशांत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा तथा इंडियन ऑयल छत्तीसगढ़ के डीजीएम मोहम्मद आमीन विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतिभाओं का सम्मान करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

 

80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थी सम्मानित

सम्मान समारोह में कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मुस्लिम समाज के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा सेवानिवृत्त शिक्षक, डॉक्टर, खिलाड़ी, अधिवक्ता तथा समाज के जागरूक एवं सक्रिय नागरिकों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

 

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कहा—शिक्षा ही विकास की सबसे मजबूत नींव

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी समाज और जिले की प्रगति का सबसे महत्वपूर्ण आधार शिक्षा है। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि आज जिन बच्चों को सम्मान मिल रहा है, वे भविष्य में समाज और देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास और संस्कारों पर भी ध्यान देने की बात कही। कलेक्टर ने कहा कि प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें प्रोत्साहित करने वाले आयोजन समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करते हैं।इस अवसर पर उन्होंने बच्चों के सवालों का जवाब भी दिया।

कलेक्टर ने मुस्लिम विकास मंच व जिलाध्यक्ष असद सिद्दीकी की तारीफ करते हुए कहा सामाजिक स्तर के आयोजन में पूरे जिला प्रशासन को एक मंच पर लाना बहुत बड़ी बात है।

 

एसपी मनोज कुमार खिलारी—मेहनत और अनुशासन से हासिल होती है सफलता

पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलाड़ी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए प्रतिभा के साथ मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास जरूरी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर ईमानदारी से आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठ एवं सफल लोगों का सम्मान नई पीढ़ी को प्रेरणा देता है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास पैदा करते हैं और उन्हें बेहतर करने के लिए प्रेरित करते हैं।

 

जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी—शिक्षक समाज के निर्माणकर्ता

जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने शिक्षक दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक का प्रभाव केवल कक्षा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वह आने वाली पीढ़ियों के निर्माण में योगदान देता है।

 

उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अच्छे परिणाम के बाद भी सीखने की प्रक्रिया जारी रहनी चाहिए। विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए।

डीएफओ कुमार बसंत—प्रतिभा को अवसर मिले तो परिणाम बेहतर होते हैं।

 

डीएफओ कुमार निशांत ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई प्रतिभा होती है। जरूरत इस बात की है कि उस प्रतिभा को पहचानकर उसे सही अवसर और मार्गदर्शन दिया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ने तथा समाज के लिए उपयोगी नागरिक बनने की प्रेरणा दी।

 

एएसपी अविनाश मिश्रा—युवा पीढ़ी समाज की ताकत

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा ने कहा कि युवा किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सफलता के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ती है, इसलिए युवा सकारात्मक सोच के साथ समाज और देश की सेवा में योगदान दें।

 

मोहम्मद आमीन—शिक्षा से खुलते हैं सफलता के नए रास्ते

इंडियन ऑयल छत्तीसगढ़ के डीजीएम मोहम्मद आमीन ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देती है और आगे बढ़ने के अवसर पैदा करती है। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि आज की मेहनत ही आने वाले कल की सफलता की नींव रखती है।

उन्होंने कहा कि समाज के प्रतिभावान बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। ऐसे सम्मान समारोह बच्चों को आगे बढ़ने के लिए नई ऊर्जा देते हैं।

 

मुस्लिम विकास मंच के जिलाध्यक्ष असद सिद्दीकी ने कहा—सम्मान नहीं, नई पीढ़ी को प्रेरणा देने का प्रयास

मुस्लिम विकास मंच के अध्यक्ष असद सिद्दीकी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक दिवस पर प्रतिभाओं को सम्मानित करने का उद्देश्य केवल प्रशंसा करना नहीं, बल्कि समाज की नई पीढ़ी को शिक्षा और सफलता के लिए प्रेरित करना है।

उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि हमारे समाज का हर बच्चा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़े और अपनी प्रतिभा के दम पर जिले, प्रदेश और देश में समाज का नाम रोशन करे। जिन विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं, उनकी सफलता दूसरे बच्चों के लिए भी प्रेरणा बने।”

उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठ शिक्षकों, डॉक्टरों, खिलाड़ियों, अधिवक्ताओं और जागरूक नागरिकों का सम्मान उनकी सेवाओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को उनके अनुभवों से सीखने का अवसर भी है।

उन्होंने आगे कहा मुस्लिम समाज में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। आज हमारे समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली ऐसी ही प्रतिभाओं के लिए *”मुस्लिम विकास मंच”* जिला, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही द्वारा *”प्रतिभा सम्मान समारोह”* का आयोजन किया गया है।

हमारे समाज को कपड़े से नहीं, *”काबिलियत”* से पहचानिए।

 

एक मंच पर दिखी शिक्षा, प्रशासन और समाज की एकजुटता

समारोह में अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समाज के नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। मुस्लिम विकास मंच द्वारा शिक्षा एवं समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को एक मंच पर सम्मानित किए जाने की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

 

कार्यक्रम का संचालन बहुत ही खूबसूरत अंदाज़ में नागेंद्र सिंग ठाकुर ने किया।

 

कार्यक्रम के अंत में रईस खान के द्वारा मुस्लिम विकास मंच की ओर से सभी अतिथियों, सम्मानित प्रतिभाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समाज के नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया। शिक्षक दिवस पर आयोजित यह सम्मान समारोह प्रतिभाओं के सम्मान के साथ-साथ शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक एकजुटता का संदेश देने वाला आयोजन बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed