सड़क हादसे में जिला जेल के प्रमुख प्रहरी की दर्दनाक मौत जबलपुर से कटनी लौटते समय कार से हुई जोरदार भिड़ंत, डिवाइडर से टकराकर मौके पर तोड़ा दम, जिला जेल में शोक की लहर

0

सड़क हादसे में जिला जेल के प्रमुख प्रहरी की दर्दनाक मौत
जबलपुर से कटनी लौटते समय कार से हुई जोरदार भिड़ंत, डिवाइडर से टकराकर मौके पर तोड़ा दम; जिला जेल में शोक की लहर
कटनी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर माधवनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेगवां और पिपरोध के बीच सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कटनी जिला जेल में प्रमुख जेल प्रहरी के पद पर पदस्थ राजभान दुबे की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक राजभान दुबे सुबह मोटरसाइकिल से सिहोरा की ओर से कटनी आ रहे थे। इसी दौरान निवार पुलिस चौकी क्षेत्र में पंछी ढाबा के समीप उनकी मोटरसाइकिल की एक कार से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजभान दुबे मोटरसाइकिल से उछलकर डिवाइडर से जा टकराए और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रवाना किया। पुलिस द्वारा दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन/कार की पतासाजी की जा रही है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
जिला जेल कटनी के जेल अधीक्षक प्रभात चतुर्वेदी ने बताया कि राजभान दुबे अवकाश पर थे और मोटरसाइकिल से सिहोरा से कटनी की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सड़क हादसे में उनकी जान चली गई। घटना की खबर मिलते ही जिला जेल के अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है और दुर्घटना में शामिल वाहन की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed